सुपौल : राघोपुर में नेपाली शराब की बड़ी खेप बरामद, तस्कर फरार
राघोपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मंगलवार सुबह अवैध नेपाली शराब की बड़ी खेप बरामद की। शराब तस्कर मौके से भाग निकला। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एनएच-27 पर कार्रवाई की और 236 बोतल शराब जब्त की। पुलिस बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर तस्कर की पहचान में जुटी है।

राघोपुर (एक प्रतिनिधि)। राघोपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध नेपाली शराब बरामद की है। हालांकि, घने कोहरे का फायदा उठाकर शराब तस्कर मौके से फरार हो गया। यह कार्रवाई सिमराही बाजार स्थित एनएच-27 पर पुराने सिनेमा हॉल के समीप गुप्त सूचना के आधार पर की गई। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब सात बजे सूचना मिली थी कि एनएच-27 के रास्ते शराब की एक बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को अलर्ट किया गया और संदिग्ध स्थान पर घेराबंदी की गई। इसी दौरान एक बाइक पर लदी शराब के साथ तस्कर को पकड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को देखते ही वह बाइक छोड़कर भाग निकला।
पुलिस ने मौके से दो प्लास्टिक बोरियों में रखी कुल 236 बोतल देशी ‘दिलवाले’ नेपाली शराब बरामद की। साथ ही एक ग्लैमर बाइक (रजिस्ट्रेशन नंबर बीआर 50 एई 3977) को भी जब्त किया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि उस समय इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे तस्कर को भागने में मदद मिली। पुलिस अब जब्त बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक और तस्कर की पहचान में जुट गई है। मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही तस्कर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



