दूध के कंटेनर से 19 हजार बोतल शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार
भागलपुर पुलिस ने दूध के कंटेनर की आड़ में तस्करी की जा रही करीब 3,500 लीटर विदेशी शराब जब्त की है। सनोखर थाना क्षेत्र में हुई इस बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा अलग-अलग जगहों से तीन अन्य तस्कर भी शराब के साथ पकड़े गए हैं।
भागलपुर पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। तस्कर अब पुलिस को चकमा देने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। दरअसल, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर सनोखर थाना पुलिस ने डीआईयू टीम के साथ मिलकर भखरी मोड़ के पास चेकिंग शुरू की। इस दौरान एक सफेद रंग का कंटेनर वहां से गुजरा जिस पर एक दूध कंपनी का नाम लिखा था।
पुलिस ने जब उसे रोका और जांच की तो सब हैरान रह गए। बाहर से दूध का टैंकर दिखने वाली इस गाड़ी के अंदर भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाई गई थी। पुलिस ने कंटेनर से करीब 399 कार्टन बरामद किए, जिनमें कुल 19,152 बोतलें थीं। यानी करीब साढ़े तीन हजार लीटर विदेशी शराब पकड़ी गई। पुलिस को देखते ही ड्राइवर ने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया। ड्राइवर की पहचान मुजफ्फरपुर के रहने वाले फूल मोहम्मद के रूप में हुई है।
पूछताछ में पता चला कि शराब की यह खेप झारखंड से भागलपुर लाई जा रही थी। इसके अलावा पुलिस ने उसी जगह चेकिंग के दौरान एक बाइक से भी 19 बोतल शराब बरामद की और मधेपुरा के दो तस्करों, रंजीत कुमार और रणवीर सिंह को गिरफ्तार किया। वहीं, एक अलग कार्रवाई में अमडंडा थाना पुलिस ने एक नाश्ते की दुकान से 10 लीटर देसी शराब पकड़ी है। इस पूरी कार्रवाई में थानाध्यक्ष पंकज किशोर और उनकी टीम का अहम योगदान रहा। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




