
अररिया : छह किलो गांजा के साथ महिला सहित तीन गिरफ्तार
जोगबनी में भारतीय सीमा के पास एक चाय दुकान पर छापे में 6 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने चाय दुकान संचालक कविता यादव, उनके बेटे और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया। दुकान में गांजे की खुदरा बिक्री का भी संदेह है। पुलिस ने घटना की पुष्टि की और मामले की जांच जारी है।
जोगबनी। भारतीय सीमा से सटे विराटनगर वार्ड 15 स्थित एक चाय दुकान में छापामारी कर करीब छह किलो गांजा के साथ एक महिला को स्थानीय रानी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है ।इलाका प्रहरी कार्यालय रानी के इंस्पेक्टर कविन राई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चाय-नाश्ते की दुकान पर छापा मारकर गांजा बरामद किया है। पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। स्थानीय मनोज साह के घर में किराए पर लेकर चाय और नाश्ते की दुकान चला रहे भारतीय नागरिक कविता यादव 45 वर्ष द्वारा उस दुकान से गांजे का कारोबार किए जाने की विशेष सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की।
दुकान की तलाशी के दौरान अंदर रखी खाट के नीचे सफेद प्लास्टिक के 7 पैकेट गांजा बरामद हुआ । उक्त रूम में ही छोटे-छोटे खाली प्लास्टिक के पैकेट भी मिले, जिससे पुलिस का प्रारंभिक निष्कर्ष है कि उस दुकान से गांजे की खुदरा बिक्री भी हो रही थी। बरामद किए गए गांजे को डिजिटल तराजू पर तौलने पर 6 किलो 1 सौ 80 ग्राम पाया गया । पुलिस ने गांजे सहित दुकान संचालक यादव, उनके बेटे मुन्नाकुमार यादव और मोरंग के जहदा निवासी मणिकुमार यादव को गिरफ्तार किया है। साथ ही घटनास्थल पर मौजूद बीआर 38 बीयू 5136 नंबर की मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने अपने नियंत्रण में लिया है। बरामद गांजे सहित पकड़े गए तीनों लोगों को रानी थाना पुलिस कार्यालय में रखकर आगे की जांच बढ़ाई गई है। इसकी पुष्टि कोशी प्रदेश प्रहरी कार्यालय विराटनगर ने की है ।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




