
लखीसराय : रात्री गश्ती व जांच अभियान तेज, पुलिस अलर्ट मोड में
लखीसराय में चुनाव के बाद उत्पन्न संभावित समस्याओं को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने पैदल गश्ती अभियान चलाया। एसपी के निर्देश पर, पुलिस ने मुख्य मार्गों पर गश्ती की और वाहनों की सघन जांच की। स्थानीय लोगों को सुरक्षा का आश्वासन दिया गया और पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील की।
लखीसराय, एक प्रतिनिधि। जिले में विधि-व्यवस्था को दुरुस्त रखने और चुनाव के बाद उत्पन्न होने वाली किसी भी संभावित परेशानी को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह तत्पर है। एसपी अजय कुमार के निर्देश पर रविवार की देर शाम लखीसराय नगर थाना पुलिस ने केंद्रीय पुलिस बल के साथ मिलकर शहर के मुख्य मार्गों पर पैदल पेट्रोलिंग की। यह अभियान शहीद द्वार से शुरू होकर विद्यापीठ चौक तक चलाया गया, जहां पुलिस अधिकारियों और जवानों ने पैदल मार्च करते हुए सुरक्षा की स्थिति का जायजा लिया। विद्यापीठ चौक पर पुलिस की ओर से वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान बिना हेलमेट, संदिग्ध तरीके से चलने वाले वाहनों एवं कागजात की जांच पर विशेष ध्यान दिया गया।

पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्हें आश्वस्त किया कि शहर में शांति, सौहार्द्र और सुरक्षित माहौल बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों ने लोगों के बीच यह संदेश भी दिया कि समाज में भाईचारा और आपसी मेल-जोल ही सुरक्षित माहौल की सबसे बड़ी नींव है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चुनाव के बाद अक्सर कुछ असामाजिक तत्व वातावरण को खराब करने की कोशिश करते हैं, लेकिन इस बार प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। शहर में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या उपद्रव की संभावना को देखते हुए पुलिस की विभिन्न टीमों द्वारा लगातार गश्ती व निगरानी बढ़ा दी गई है। रात में पैदल गश्ती से जहां अपराधियों पर लगाम लगेगी, वहीं लोगों में सुरक्षा की भावना भी मजबूत होगी। नगर थाना प्रभारी ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। शहर के भीड़-भाड़ वाले इलाकों, मुख्य चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की विशेष निगरानी रखी जाएगी। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाना को दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके। रात के इस अभियान से शहर में पुलिस की सक्रियता साफ दिखी और आम लोगों में भी भरोसा बढ़ा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


