Hindi NewsBihar NewsBhagalpur NewsPolice Crackdown on Theft Minor Caught Stealing Money from Woman s Purse in Lakhisarai
लखीसराय : चोरी की घटनाओं पर लगाम, महिला का पर्स काटते नाबालिग को लोगों ने पकड़ा

लखीसराय : चोरी की घटनाओं पर लगाम, महिला का पर्स काटते नाबालिग को लोगों ने पकड़ा

संक्षेप:

लखीसराय में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई की। मंगलवार को पटना रोड पर एक नाबालिग को महिला के पर्स से पैसे चुराते हुए पकड़ा गया। भीड़ ने उसकी पिटाई की, लेकिन यातायात इंस्पेक्टर ने बचाया। नाबालिग का कहना है कि वह निर्दोष है। पुलिस जांच कर रही है।

Jan 21, 2026 06:04 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share Share
Follow Us on

लखीसराय, एक प्रतिनिधि। जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा सघन कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को पटना रोड के पास एक महिला के पर्स से पैसे निकालने के आरोप में एक नाबालिग को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने नाबालिग की जमकर पिटाई कर दी, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी दौरान संयोगवश यातायात इंस्पेक्टर रोहित कुमार उस रास्ते से गुजर रहे थे। स्थिति को गंभीरता से देखते हुए उन्होंने तत्काल हस्तक्षेप किया और भीड़ से नाबालिग को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित किया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इसके बाद सूचना पर 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नाबालिग को कावैया थाना ले गई, जहां उसे थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि नाबालिग महिला के काफी नजदीक खड़ा था और उसके पर्स से पैसे निकालने की कोशिश कर रहा था, तभी महिला के शोर मचाने पर लोगों ने उसे पकड़ लिया। वहीं दूसरी ओर नाबालिग ने अपने बचाव में कहा है कि उसने कोई चोरी नहीं की। उसका दावा है कि किसी अन्य लड़के ने उसे महिला की ओर धक्का दे दिया, जिसके कारण वह महिला से टकरा गया और इसी दौरान उसे पकड़ लिया गया। फिलहाल पूरे मामले को लेकर कावैया थाना पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ-साथ प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि नाबालिग की भूमिका क्या है और घटना के पीछे कोई गिरोह सक्रिय है या नहीं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और कानून को अपने हाथ में न लें। नाबालिग होने के कारण मामले को किशोर न्याय अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित प्रावधानों के अनुसार निपटाया जाएगा।