महिलाओं से ठगी करने वाले गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार

हिन्दुस्तान, भागलपुर
Follow us on Google News
share

नवगछिया में फर्जी फाइनेंस कंपनी का पुलिस ने किया पर्दाफाश लोन का झांसा देकर

महिलाओं से ठगी करने वाले गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार

नवगछिया, निज संवाददाता। फर्जी फाइनेंस कंपनी खोलकर महिलाओं को रुपये दोगुने करने और लोन दिलाने का प्रलोभन देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले अंतरजिला गिरोह का नवगछिया पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से ठगी के रुपये सहित कई अन्य सामान बरामद किए गए हैं। मामले की शुरुआत तब हुई जब इस्माईलपुर थाना क्षेत्र के बेदी राय टोला गांव निवासी सोनी देवी ने नवगछिया साइबर थाने में आवेदन दिया। आवेदन में बताया गया कि नवगछिया थाना अंतर्गत एनएच-31 स्थित एक धर्मकांटा के पास एक अर्धनिर्मित मकान में एक फर्जी फाइनेंस कंपनी चलाई जा रही थी। कंपनी के कर्मियों ने महिलाओं को झांसा दिया कि 10-10 हजार रुपये जमा करने पर उन्हें 12 घंटे के भीतर दो लाख रुपये का व्यावसायिक ऋण दिया जाएगा। इस झांसे में आकर करीब 22 से अधिक महिलाओं ने तुरंत राशि जमा कर दी। पीड़ित महिलाओं के अनुसार, इस गिरोह ने इलाके की 100 से अधिक महिलाओं को अपनी ठगी का शिकार बनाया है。

गिरफ्तारी की प्रक्रिया

मामले की गंभीरता को देखते हुए नवगछिया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) वैभव शर्मा के निर्देशन में तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सहरसा और मधेपुरा जिला पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में चांदपुर दियारा, फलका (कटिहार) निवासी संतोष कुमार, रामपुर, मुरलीगंज (मधेपुरा) निवासी रतन कुमार, भट्ठा बाजार, खजांची हाता (पूर्णिया) निवासी सुशांत कुमार, पररिया, भोरही (मधेपुरा) निवासी लक्की कुमार और पररिया, भोरही (मधेपुरा) निवासी उषा देवी शामिल है।

बरामद सामान

पुलिस ने आरोपितों के पास से आठ मोबाइल फोन, 12 सिम कार्ड, एक स्कैनर, 10,000 रुपये नकद, एक बाइक समेत अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। प्रेस वार्ता के दौरान एसपी वैभव शर्मा ने समय रहते इस बड़े गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए साइबर थाना अध्यक्ष और पूरी टीम की भूमिका की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि इस कांड में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी जारी है।

सामान्य प्रश्न

नवगछिया पुलिस ने कितने अभियुक्तों को गिरफ्तार किया?
नवगछिया पुलिस ने गिरोह के पांच शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।