Bhagalpur News: लखीसराय: 13 वर्ष पुराने मारपीट मामले में फरार वारंटी गिरफ्तार
Bhagalpur News: लखीसराय जिले के पिपरिया थाना की पुलिस ने 2013 से फरार एक वारंटी को गिरफ्तार किया है। आरोपी धर्मराज कुमार को रामचंद्रपुर गांव में छापेमारी के दौरान पकड़ा गया। पुलिस ने कहा कि फरार वारंटियों की गिरफ्तारी प्राथमिकता है और न्यायालय के आदेशों का पालन करने की अपील की है।

Bhagalpur News: लखीसराय से अजय कुमार की रिपोर्ट पिपरिया थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। थाना प्रभारी सुमन ने बताया कि वर्ष 2013 में दर्ज मारपीट के एक मामले में न्यायालय द्वारा आरोपी के विरुद्ध वारंट निर्गत किया गया था, जिसके आलोक में कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि राजेश कुमार, पिता स्वर्गीय बांके यादव, ग्राम रामचंद्रपुर के साथ मारपीट की घटना को लेकर पिपरिया थाना कांड संख्या 48/13, दिनांक 06 नवंबर 2013 दर्ज किया गया था। मामले की सुनवाई के दौरान आरोपी के न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर उसके विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।
पुलिस ने वारंट के निष्पादन के लिए लगातार प्रयास किया और गुप्त सूचना के आधार पर रामचंद्रपुर गांव में छापेमारी कर वारंटी धर्मराज कुमार उर्फ नीरज सिंह, पिता योगी सिंह, निवासी ग्राम रामचंद्रपुर, थाना पिपरिया, जिला लखीसराय को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी सुमन ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायिक हिरासत में न्यायालय भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि न्यायालय से निर्गत वारंटों के निष्पादन के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। फरार वारंटियों की गिरफ्तारी पुलिस की प्राथमिकता है और ऐसे सभी मामलों में विधि-सम्मत कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही लोगों से कानून का सम्मान करने तथा न्यायालय के आदेशों का पालन करने की अपील की गई है।


