कटिहार: आबादपुर में स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार
कटिहार के आबादपुर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक के पास से 13.94 ग्राम स्मैक और एक बाइक जब्त की गई। पुलिस ने उसे भागने से रोककर पकड़ा। आरोपी का नाम अजय रविदास है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

कटिहार, एक संवाददाता। आबादपुर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 13.94 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक बाइक भी जब्त की है। एसपी शिखर चौधरी ने बताया कि मंगलवार की रात आबादपुर थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक बाइक से अवैध मादक पदार्थ लेकर संकोला चेक पोस्ट की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने चेक पोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया। जांच के दौरान एक बाइक सवार युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा।
हालांकि पुलिस बल की तत्परता से उसे खदेड़कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान आबादपुर थाना क्षेत्र के घटता घूम टोला निवासी अजय रविदास के रूप में हुई। पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर उसके पास से 13.94 ग्राम स्मैक बरामद किया गया। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी का संबंध किसी बड़े गिरोह से तो नहीं है।


