एसपी के नेतृत्व में पुलिस परिवार ने लगाया रक्तदान शिविर
किशनगंज में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में पुलिस अधीक्षक और नए जिलाधिकारी ने रक्तदान कर सकारात्मक संदेश दिया। जिलाधिकारी नवीन कुमार ने आमजन को रक्तदान के लिए प्रेरित किया और यह बताया कि एक यूनिट रक्त किसी की जान बचा सकता है। शिविर में 38 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।

किशनगंज से राकेश कुमार की रिपोर्ट इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा आयोजित मंगलवार को खगड़ा स्थित खेल भवन के प्रांगण में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस परिवार की ओर से स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों में पुलिस जवान के साथ जिले के नए जिलाधिकारी सह अध्यक्ष रेड क्रॉस सोसाइटी नवीन कुमार ने खुद ब्लड डोनेट कर समाज में एक सकारात्मक संदेश दिया । रक्तदान शिविर का उद्घाटन मुख्य अथिति जिलाधिकारी नवीन कुमार पुलिस, एसपी संतोष कुमार, चेयरमैन रेड क्रॉस सोसाइटी डॉ. इच्छित भारत व रेड क्रॉस के सचिव मिक्की साहा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। नए जिलाधिकारी को रेड क्रॉस के सचिव मिक्की साहा ने पुष्प गुच्छ व अंग वस्त्र देकर उनका स्वागत किया ।
जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने आमजनो को भी इस पुण्य कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया । रक्तदान के माध्यम से उन्होंने समाज को यह संदेश दिया कि किसी जरूरतमंद की जान बचाने के लिए रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए युवाओं और आमजन से इस जीवनदायी अभियान से जुड़ने की अपील की। रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानवीय दान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा किये गए कार्यो की सराहना की कहा कि जरूरतमंदों की सेवा रचनात्मक कार्य और राहत पहुंचाने का यह मानवीय काम और भी बेहतर तरीके से जारी रहेगा। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि शिविर में जवानों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय दिया। वहीं समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करते मानवता और जनसेवा की एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की है। समाज व राष्ट्र सेवा के साथ आज रक्तदाता भी अपने रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंदों के रक्षक बनते हैं। रक्तदान के प्रति समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करते हुए कहा कि रक्तदान करने से शरीर पर कोई भी नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता है। यह पुनीत कार्य है। रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन डॉ. इच्छित भारत ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सबसे उत्तम माध्यम है। एक यूनिट रक्त किसी के जीवन को बचाने में संजीवनी का काम करता है। नियमित रक्तदान करने से शरीर में आयरन का स्तर संतुलित रहता है, जिससे दिल के दौरे और स्ट्रोक का खतरा कम हो सकता है। रेड क्रॉस के सचिव मिक्की साहा ने कहा कि रेड क्रॉस के स्वयंसेवक दुनिया भर में नि:स्वार्थ भाव से मानवीय सेवा में लगे रहते हैं। जिले में जिला पदाधिकारी के नेतृत्व में रेड क्रॉस के स्वयंसेवक द्वारा महामारी बीमारी जैसी प्राकृतिक आपदा बाढ़ सड़क सुरक्षा व दुर्घटनाओं में पीड़ितों की सहायता मानव सेवा के लिये नि:स्वार्थ भाव से अपनी सेवा करते आ रहे है। शिविर में सभी रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने प्रशस्ति पत्र देकर उनको सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के शुभकामनाएं दिया । शिविर में 38 यूनिट ब्लड का संग्रह किया गया । इस अवसर पर सिविल सर्जन, डीएस, रेडक्रास से शंकरलाल महेश्वरी, नागरमल झावर, राजकरण दफ्तरी, रमेश साहा नवीन साहा, विमल मित्तल, प्रकाश बोथरा, शिवम साहा, सिरोजित दास, अजय सिंह, सौरभ कुमार व ब्लड बैंक सदर अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज के डाक्टर व टेक्नीशियन टीम मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


