अररिया: फरार अभियुक्तों के घरों पर चिपकाए गये कुर्की-जब्ती संबंधी इश्तेहार
भरगामा थाना क्षेत्र के अकरथापा गांव में भूमि विवाद से जुड़े हत्याकांड के 45 फरार अभियुक्तों के खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई। न्यायालय के आदेश की अवहेलना करने पर यह कदम उठाया गया है। पुलिस ने इश्तेहार चिपकाए और फरार अभियुक्तों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी।

भरगामा, एक संवाददाता भरगामा थाना क्षेत्र के बिसहरिया पंचायत अंतर्गत अकरथापा गांव में भूमि विवाद से जुड़े हत्याकांड के 45 फरार अभियुक्तों के घरों पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई को लेकर भरगामा पुलिस ने इश्तेहार चिपकाए। घटना पिछले साल की बताईगयी है। बताया गया कि न्यायालय के आदेश की लगातार अवहेलना किए जाने के बाद यह सख्त कदम उठाया गया। बताया जा रहा है कि मामले में नामजद अभियुक्तों को कई बार नोटिस भेजकर आत्मसमर्पण करने और जमानत लेने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद अभियुक्तों ने न तो न्यायालय के समक्ष पेशी दी और न ही किसी प्रकार की कानूनी प्रक्रिया अपनाई।
थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में पहले गांव में मुनादी कराई गई और इसके साथ ही अभियुक्तों के घरों पर इश्तेहार चिपकाए गए। इस दौरान पुलिस टीम ने गांव में घूम-घूमकर लोगों को कार्रवाई की जानकारी दी और फरार अभियुक्तों को जल्द आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी। उन्होंने बताया कि मुनादी और इश्तेहार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब कुर्की-जब्ती की कार्रवाई शुरू की जाएगी। इस अभियान में थानाध्यक्ष राजेश कुमार, अपर थानाध्यक्ष सोनू कुमार एवं सशस्त्र बल के जवान मौजूद रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि न्यायालय के आदेशों का पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा। यदि अभियुक्त जल्द आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उनकी संपत्ति जब्त कर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद गांव में हड़कंप का माहौल है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


