ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार भागलपुरबिहार-झारखंड के लोगों ने अमेरिका में मनाया महापर्व छठ

बिहार-झारखंड के लोगों ने अमेरिका में मनाया महापर्व छठ

न्यूजर्सी के डोनाल्डसन पार्क में अर्घ्य देने के लिए जुटे 15 सौ भारतीय हर

बिहार-झारखंड के लोगों ने अमेरिका में मनाया महापर्व छठ
Newswrapहिन्दुस्तान टीम,भागलपुरTue, 01 Nov 2022 01:21 AM
ऐप पर पढ़ें

भागलपुर, वरीय संवाददाता। प्रवासी भारतीयों ने विदेशों में अमेरिका सहित अन्य देशों में परंपराओं एवं पूजा के नियमों का निर्वाह करते हुये काफी धूमधाम से छठ मनाया। ‘बजाना (बिहार झारखंड एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका) संगठन के लोगों ने ही नहीं बल्कि ट्राई स्टेट (तीन राज्यों न्यूजर्सी, न्यूयार्क और कनेक्टिकट का समूह) के कॉन्सुलेट जनरल ने भी इसमें हिस्सा लिया।

न्यूजर्सी के हाईलैंड पार्क स्थित डोनाल्डसन पार्क को पहले से ही बुक कर लिया गया था। यहां साफ-सफाई की पूरी व्यवस्था कर शाम और सुबह के अर्घ्य दिये गये। जगह भले विदेश रहा हो लेकिन शारदा सिन्हा के छठ मईया के गीत भारत से लेकर अमेरिका और अन्य देशों के घाटों तक गूंजते रहे। शाम के अर्घ्य के बाद सुबह फिर चार बजे से ही लोग घाट पहुंच गये। घाट किनारे गाड़ियों से पहुंचे लेकिन मुख्य घाट तक सिर पर डलिया ले जाने का मौका कोई गंवाना नहीं चाहता था। इसलिये थोड़ी दूर ही सही सिर पर डलिया लेकर गये।

चार स्टेट से पहुंचे थे 15 सौ भारतीय

बजाना के अध्यक्ष अनुराग कुमार और उपाध्यक्ष संजीव सिंह ने बताया कि न्यूजर्सी स्थित इस डोनाल्डसन पार्क में बिहार झारखंड सहित आसपास के अन्य राज्यों के करीब 1500 सौ लोग शामिल हुये। यहां 30 व्रतियों को लोगों ने अर्घ्य दिया। छठ में अर्घ्य देने के लिए यहां पहुंचने वाले लोग अमेरिका के स्टेट न्यूजर्सी, न्यूयार्क, पेन्सिल्वानिया और कनेक्टिकट से पहुंचे थे। जिसमें महिला, पुरुष बच्चे भी शामिल थे।

बजाना के पूर्व अध्यक्ष डा. अविनाश गुप्ता ने बताया कि यहां के छठ पूजा का कार्यक्रम इतना समृद्ध होता जा रहा है कि घाट पर लोगों की भीड़ को देखते हुये रजिस्ट्रेशन को रोकना पड़ रहा है। सुबह वाले अर्घ्य में यहां के ‘ट्राई स्टेट के कॉन्सुलेट जनरल रंधीर जायसवाल भी पहुंचे थे। ‘बजाना ने पूजा के बाद सुबह में वहां आये सभी लोगों को कार्यकर्ताओं द्वारा बनाये गये शुद्ध घी के ठेकुआ और प्रसाद देने के बाद सभी को नाश्ता कराकर बधाई दी।

अगली बार एक से अधिक घाटों पर होगा इंतजाम

डा. अविनाश गुप्ता ने बताया कि भीड़ को देखते हुये एक घाट पर इंतजाम नहीं हो पा रहा है। इसलिये अगले वर्ष एक से अधिक घाटों पर छठपूजा करने का इंतजाम किया जायेगा। ऐसा करने से भीड़ भी नहीं होगी और अधिक से अधिक लोग शामिल भी हो सकेंगे।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें