
झंडापुर थाने में शांति समिति की बैठक सम्पन्न, शांतिपूर्ण पूजा आयोजन को लेकर दिए गए निर्देश
बिहपुर में झंडापुर थाने पर आगामी दीपावली, काली पूजा और छठ पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने सभी से आपसी सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया। उन्होंने बिना अनुमति...
बिहपुर,संवाद सूत्र। आगामी दीपावली, काली पूजा और छठ पर्व को लेकर शुक्रवार को झंडापुर थाने के परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एवं संचालन थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने किया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और बुद्धिजीवियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और आपसी सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया। बैठक में थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पूजा पर्व समाज को एकता और सद्भाव का संदेश देता है। इसलिए हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सभी त्यौहार शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हों, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है।

उन्होंने कहा कि थाने क्षेत्र में जहां भी काली पूजा या अन्य धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं, वहां की पूजा समिति के सदस्यों को नियमानुसार आवेदन देकर लाइसेंस प्राप्त करना आवश्यक है। बिना अनुमति के कोई भी पंडाल या जुलूस आयोजित नहीं किया जाएगा। थानाध्यक्ष ने बताया कि पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थलों की पहचान कर ली गई है। विसर्जन स्थल को चिह्नित किया जाएगा और वहां पर गोताखोरों और मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। साथ ही प्रतिमा विसर्जन के समय पुलिस बल की अतिरिक्त व्यवस्था रहेगी और पूरे क्षेत्र में गश्ती बढ़ाई जाएगी।उन्होंने सभी पूजा समितियों को साउंड सिस्टम के इस्तेमाल में निर्धारित सीमा का पालन करने और विद्युत व्यवस्था सुरक्षित रखने की अपील की। थानाध्यक्ष ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने ग्राम स्तरीय शांति समिति के सदस्यों से भी सहयोग की अपील की ताकि हर त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया जा सके।बैठक में उपस्थित बुद्धिजीवियों और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में वर्षों से सभी पर्व शांतिपूर्वक संपन्न होते आए हैं और आगे भी यही परंपरा कायम रखी जाएगी। बैठक के दौरान विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




