
लखीसराय: टिकट काउंटरों पर छुट्टा नहीं, यात्रियों को छोड़ने पड़ते हैं पैसे
लखीसराय रेलवे स्टेशन पर टिकट खरीदने वाले यात्रियों को छुट्टा पैसे की कमी के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दोनों काउंटरों पर छुट्टे पैसे उपलब्ध नहीं हैं, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त राशि छोड़ने को मजबूर होना पड़ रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।
लखीसराय, एक प्रतिनिधि। लखीसराय रेलवे स्टेशन पर सुबह के समय टिकट खरीदने वालों को भारी परेशानी से गुजरना पड़ रहा है। स्टेशन के दोनों टिकट काउंटरों पर छुट्टा पैसा उपलब्ध नहीं होने की शिकायत लगातार बढ़ती जा रही है। स्थिति यह है कि यात्रियों को टिकट लेते समय मजबूरी में अपने 5 रुपये से लेकर कभी कभी 20 रुपये तक के अतिरिक्त पैसे काउंटर पर ही छोड़ देना पड़ रहा है। यात्रियों के अनुसार व्यस्त समय में काउंटर पर पहुंचते ही कर्मचारी साफ शब्दों में कह देते हैं कि खुदरा लाकर पैसे दें, यहां छुट्टा नहीं है। इससे कई यात्रियों को इधर-उधर छुट्टा खोजने में समय बर्बाद करना पड़ता है और कई बार उनकी ट्रेन भी छूट जाती है।
गौरतलब है कि लखीसराय स्टेशन से प्रतिदिन 3000 से अधिक यात्री टिकट कटवाते हैं। इतने बड़े पैमाने पर टिकट बिक्री होने के बावजूद छुट्टे पैसों की पर्याप्त व्यवस्था न होना रेलवे प्रबंधन की गंभीर लापरवाही मानी जा रही है। रेलवे यात्री संघ के गौतम कुमार, पाली खुराना सहित अन्य प्रतिनिधियों ने बताया कि टिकट काउंटर पर छुट्टा न लौटाने और अधिक राशि वसूलने की शिकायतें काफी समय से उठाई जा रही हैं, परंतु आज तक कोई सुधार नहीं हुआ। उनका आरोप है कि काउंटर पर छुट्टा का खेल चल रहा है, जिससे यात्रियों का शोषण हो रहा है। स्थानीय यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर पर्याप्त छुट्टे पैसे उपलब्ध कराने, शिकायतों का समाधान करने और जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि आम जनता को आर्थिक नुकसान और परेशानी से बचाया जा सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




