
रक्साडीह बस स्टैंड से यात्री बसों का परिचालन शुरू
सोमवार से रक्साडीह बस स्टैंड पर यात्री बसों का परिचालन शुरू हो गया है। झारखंड और बिहार के विभिन्न शहरों से बसें यहाँ रुकने लगी हैं। हालाँकि, बस स्टैंड में मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण यात्रियों और बस चालकों में नाराजगी है। शौचालय और पानी की व्यवस्था अभी तक अधूरी है।
सबौर, संवाददाता। बाईपास थाना क्षेत्र के जगदीशपुर प्रखंड अंतर्गत रक्साडीह बस स्टैंड से सोमवार से यात्री बसों का परिचालन शुरू हो गया। झारखंड के रांची, दुमका, देवघर, बोकारो, धनबाद, गोड्डा तथा बिहार के कटिहार, पूर्णिया, पटना सहित अन्य शहरों से आने-जाने वाली बसें अब यहां रुकने लगी हैं। सोमवार की सुबह से ही बस स्टैंड पर बसें रुकनी शुरू हो गईं। आसपास के जिलों से आने वाली यात्रियों से भरी बसें यहां पहुंच रही हैं, हालांकि बस स्टैंड में मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण यात्री, बस चालक और मालिकों ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि स्टैंड अभी पूर्ण रूप से तैयार नहीं है, जिससे यात्री यहां उतरने या आने में हिचकिचा रहे हैं।
यात्रियों के बैठने के लिए कुछ सीटें बनाई गई हैं, लेकिन शौचालय का निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ है। पानी की व्यवस्था के लिए केवल एक टोटी लगाई गई है। बसों के प्रवेश और निकास के लिए रोड पर ईंटें बिछाकर मिट्टी को समतल किया गया है, जिससे आवागमन संभव हो सका है। बसें रुकते ही शहर की ओर जाने वाले टोटो, ई-रिक्शा और टेंपो चालकों की लाइन लग गई। वे यात्रियों को शहर ले जाने के लिए आवाज लगा रहे थे। हालांकि कई लग्जरी बसें, विशेषकर रांची और धनबाद से आने वाली, स्टैंड के अंदर ले जाने के बजाय सड़क किनारे ही खड़ी की गईं। चालकों का कहना था कि अंदर ले जाने में काफी परेशानी और कठिनाई है तथा बस फंस भी सकती है। बस स्टैंड शुरू होने के साथ ही बाईपास थाना पुलिस विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात रही। पुलिसकर्मी सड़कों पर गाड़ियां खड़ी करने वालों को फटकार लगाते हुए उन्हें किनारे करवा रहे थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




