आंशिक बदरी के बीच धूप-छांव के बीच गुजरा दिन

Feb 19, 2026 10:58 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share

आज भी आंशिक रूप से छाए रहेंगे बादल, कल से आसमान होगा साफ 0.9 डिसे

आंशिक बदरी के बीच धूप-छांव के बीच गुजरा दिन

भागलपुर, वरीय संवाददाता। चमक रहे सूरज को गुरुवार को आसमान में छाए आंशिक बादल रह-रहकर अपनी आगोश में लेते रहे। बादलों की ओट से सूरज की हो रही लुकाछिपी से गुरुवार का पूरा दिन धूप-छांव के बीच गुजरा। मौसम में आए इस बदलाव का असर गुरुवार को अधिकतम तापमान पर पड़ा। न केवल दिन का पारा गिरा, बल्कि करीब एक सप्ताह बाद पहली बार दिन में लोगों को धूप चुभी नहीं। भारतीय मौसम विभाग के अनुमानों की माने तो शुक्रवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे तो पूरा दिन धूप-छांव के बीच गुजरेगा। हालांकि दिन एवं रात के तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं होगा।

बीते 24 घंटे के मौसम की बात करें तो इस दौरान जहां दिन का पारा 0.9 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया तो वहीं रात का पारा 0.6 डिग्री सेल्सियस चढ़ गया। गुरुवार को अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य तापमान से क्रमश: 3.4 डिग्री सेल्सियस व 3.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। गुरुवार की सुबह साढ़े आठ बजे 72 प्रतिशत रही आर्द्रता शाम साढ़े पांच बजे तक कम होकर 45 प्रतिशत पर आ गई। वहीं बीते 24 घंटे में 4.0 किमी प्रति घंटे की औसत रफ्तार से पछुआ बही। बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि गुरुवार को प्राप्त संख्यात्मक माडल, उपग्रहीय तस्वीर एवं अन्य मौसमी विश्लेषण से ज्ञात होता है कि भूमध्यरेखीय हिंद महासागर एवं उससे सटे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक नया चक्रवाती परिसंचरण गुरुवार को बना, जो कि औसत समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। इसके प्रभाव से शुक्रवार की सुबह तक इसी क्षेत्र में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बन सकता है। उत्तर-पूर्वी भारत में औसत समुद्र तल से 12.6 किमी ऊपर 115 समुद्री मील की रफ्तार वाली उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम चल रही है। वहीं 22 फरवरी से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के बनने का अनुमान है। इन मौसमी कारकों के प्रभाव से शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, इस दौरान दिन एवं रात के तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं होगा। लेकिन शनिवार को जहां दिन का पारा दो डिग्री सेल्सियस तक उछलेगा तो वहीं रात के तापमान में कुछ गिरावट हो सकती है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।