लखीसराय:वाहन जांच के बावजूद नहीं थम रहा ओवरलोडिंग का खेल
लखीसराय में नियमित वाहन जांच अभियान के बावजूद ओवरलोड वाहनों पर रोक नहीं लग पा रही है। चालक और मालिक नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जिससे यात्रियों की जान खतरे में है। खासकर स्कूल और बाजार जाने वाले लोग मजबूरी में ओवरलोड वाहनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। स्थायी समाधान के लिए सख्त निगरानी की आवश्यकता है।

लखीसराय से अजय कुमार की रिपोर्ट: जिले में लगातार चलाए जा रहे वाहन जांच अभियान के बावजूद ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। जिला प्रशासन और परिवहन विभाग द्वारा नियमित कार्रवाई और जुर्माना वसूली के बाद भी वाहन चालक और मालिक नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। शहर से लेकर ग्रामीण सड़कों तक जर्जर और ओवरलोड वाहनों का संचालन खुलेआम जारी है, जिससे यात्रियों की जान खतरे में पड़ रही है। जिले के किऊल-चानन, पिपरिया, हलसी समेत कई प्रमुख मार्गों पर रोजाना ऐसे वाहन देखे जा सकते हैं, जिनकी छतों पर यात्रियों को बैठाकर सफर कराया जा रहा है।
कई वाहनों की स्थिति इतनी खराब है कि वे कभी भी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। बावजूद इसके अधिक कमाई के लालच में वाहन संचालक नियमों को ताक पर रखकर लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन व्यवस्था सीमित होने के कारण लोग मजबूरी में ऐसे वाहनों से सफर करते हैं। सुबह और शाम के समय स्कूल, बाजार और मजदूरी के लिए आने-जाने वाले लोगों की भीड़ अधिक रहने से वाहन चालक क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठा लेते हैं। खासकर ऑटो, मैजिक और छोटे यात्री वाहनों में यह स्थिति आम हो गई है। हालांकि जिला परिवहन विभाग लगातार कार्रवाई करने का दावा कर रहा है। जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि ने बताया कि ओवरलोड वाहनों के खिलाफ नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केवल ओवरलोडिंग ही नहीं, बल्कि सभी प्रकार के नियम उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है और जुर्माना भी वसूला जा रहा है। इसके बावजूद सड़क पर स्थिति में खास सुधार नहीं दिख रहा है। कई बार वाहन जांच अभियान समाप्त होते ही फिर से पुराने ढर्रे पर वाहन चलने लगते हैं। लोगों का कहना है कि स्थायी समाधान के लिए सख्त निगरानी और नियमित कार्रवाई जरूरी है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत किए जाने की भी मांग उठ रही है ताकि लोग जोखिम भरे सफर से बच सकें।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


