टीएमबीयू में स्नातक में नामांकन रुका, सुधार के बाद जारी होगी सूची

तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में स्नातक में नामांकन की पहली चयन सूची में गड़बड़ी सामने आने पर फिलहाल दाखिले पर रोक लगा दी गयी है। प्रभारी कुलपति प्रो. लीला चंद साहा ने कॉलेजों के प्राचार्यों को...

nomination stopped in graduation in tmbu due to disturbance in first selection list

तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में स्नातक में नामांकन की पहली चयन सूची में गड़बड़ी सामने आने पर फिलहाल दाखिले पर रोक लगा दी गयी है। प्रभारी कुलपति प्रो. लीला चंद साहा ने कॉलेजों के प्राचार्यों को इससे संबंधित निर्देश जारी कर दिया। निर्देश जारी होने के पहले एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने विवि प्रशासनिक भवन में जमकर हंगामा किया।

एबीवीपी के कार्यकर्ता बुधवार को भी प्रशासनिक भवन पहुंचे और नामांकन पर रोक लगाने की मांग करने लगे। कुलपति कार्यालय के बाहर पहुंचने पर कर्मी ने ग्रील को बंद कर दिया। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कर्मचारी का शर्ट पकड़कर खींच लिया जिससे उसकी शर्ट फट गयी। उसके बाद कार्यकर्ताओं और सुरक्षागार्ड में हाथापाई भी हुई।  हंगामा बढ़ता देख सबसे पहले रजिस्ट्रार, फिर प्रतिकुलपति, प्रॉक्टर आदि ने पहुंचकर मामले को शांत कराने का प्रयास किया। थोड़ी देर में पुलिस पहुंच गई। इसके बाद मामला शांत हुआ। यह हंगामा करीब एक घंटे चला।

कॉलेज का नाम व जेंडर तक छात्रों ने गलत भरा
कार्यकर्ता जब शांत हो गए तब प्रभारी कुलपति प्रो. एलसी साहा की परिषद के कार्यकर्ताओं से बात हुई और प्रो. साहा ने स्नातक में नामांकन पर तत्काल रोक लगाने का निर्देश जारी किया। हालांकि प्रभारी कुलपति का कहना था कि लगभग दस हजार छात्रों ने फॉर्म ही गलत भरा था जिस वजह से परेशानी हो रही है। कई छात्रों ने विषय, कॉलेज का नाम, विषय का कोड और यहां तक कि जेंडर भी गलत लिखा था। जेंडर गलत लिखा होने के कारण को एजुकेशन से इतर कॉलेजों में संबंधित छात्रों का नाम नहीं आ सका। अब इस तरह की त्रुटियों को दूर कर सुधार कर फिर से सूची जारी की जाएगी, तब नामांकन लिया जाएगा। इसके बाद मामला शांत हुआ।

दोनों पक्ष ने एक दूसरे पर लगाया आरोप
एबीवीपी के कुश पांडेय, कुणाल पांडेय, करन शर्मा, रोहित, अभिषेक ने आरोप लगाया कि सुरक्षाकर्मियों ने उन पर हाथ उठाया और गालियां दी। जबकि वे लोग अपनी मांगों को लेकर प्रभारी कुलपति से मिलना चाहते थे। उधर कर्मचारियों का कहना था कि परिषद के कार्यकर्ता प्रभारी कुलपति के कक्ष में घुसने का प्रयास कर रहे थे। रोकने पर उलझ गए और हाथापाई करने लगे। कर्मचारियों ने कहा कि उनलोगों ने किसी को गाली नहीं दी। 
 

लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsभागलपुरटीएमबीयू में स्नातक में नामांकन रुका, सुधार के बाद जारी होगी सूची