
लखीसराय : समृद्धि यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 15 फरवरी को लखीसराय शहर में आएंगे। उनके आगमन की तैयारी में जिला प्रशासन सक्रिय है। जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण किया और जुगाड़ पुल के चौड़ीकरण का आदेश दिया। यह कदम शहर में यातायात की समस्याओं को हल करने के लिए उठाया गया है।
लखीसराय, एक प्रतिनिधि। समृद्धि यात्रा के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का 15 फरवरी को लखीसराय शहर में आगमन प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने किउल–लखीसराय के बीच निर्माणाधीन पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने शहर के जाम की सबसे बड़ी समस्या माने जाने वाले जुगाड़ पुल का भी निरीक्षण किया। जुगाड़ पुल पर आए दिन लगने वाले जाम को देखते हुए जिलाधिकारी ने पुल के चौड़ीकरण का आदेश दिया, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके और मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
आदेश के बाद पुल निर्माण निगम और नगर परिषद द्वारा संयुक्त रूप से जुगाड़ पुल के चौड़ीकरण का कार्य शुरू कर दिया गया है।इस दौरान नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. रमन भी जिलाधिकारी के साथ मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने बताया कि समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा जिस पुल योजना का शिलान्यास किया गया था, वह स्थानीय लोगों की वर्षों पुरानी मांग रही है। चूंकि इस योजना का कार्य अब प्रगति पर है, इसलिए संभावना है कि मुख्यमंत्री स्वयं इसका अवलोकन भी कर सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य और स्थल का गहन निरीक्षण किया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि जुगाड़ पुल पर हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आमजन को काफी परेशानी होती है। इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए पुल को एक-दो दिन के लिए अस्थायी रूप से बंद कर चौड़ीकरण का कार्य तेज गति से पूरा किया जा रहा है। कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए रेलवे पुल के फुटपाथ की ओर दोनों तरफ से वन-डे व्यवस्था लागू की गई है, ताकि एक दिशा से वाहन जाएं और दूसरी दिशा से लौटें। इसके अलावा किउल की ओर और लखीसराय की ओर से अवरोधक लगाकर जुगाड़ पुल को बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और प्रशासन का सहयोग करें। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व सभी आवश्यक कार्य समय पर पूरे कर लिए जाएं और शहरवासियों को जाम से स्थायी राहत मिल सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




