किशनगंज : समृद्धि यात्रा स्थलों का डीएम व एसपी ने किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के तहत ठाकुरगंज आगमन के लिए प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया और आवश्यक बुनियादी सुविधाओं, सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं।

ठाकुरगंज, निज संवाददाता। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की संभावित समृद्धि यात्रा के तहत ठाकुरगंज आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को जिला पदाधिकारी विशाल राज एवं जिला पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने स्थानीय विधायक गोपाल अग्रवाल के साथ प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने कृषि फार्म, उच्च विद्यालय लोधा, चुरली पावर ग्रिड तथा बाईपास सड़क का जायजा लिया। इसके अतिरिक्त विधायक के सुझाव पर गोथरा झील का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने प्रत्येक स्थल पर आवश्यक बुनियादी सुविधाओं, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। निरीक्षण दल में विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार, एसडीपीओ द्वितीय मंगलेश कुमार सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी अहमर अब्दाली, अंचलाधिकारी मृत्युंजय कुमार तथा ठाकुरगंज थाना अध्यक्ष मकसूद अहमद अशरफी व पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार पंत भी उपस्थित थे।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से कृषि फार्म में हेलीपैड, मंच, लोक संवाद कार्यक्रम स्थल एवं पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। विकास आयुक्त ने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए सभी तैयारियां समयबद्ध और शत-प्रतिशत पूर्ण की जाएं। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन एवं आमजन की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




