
जमुई की बेटी निशा कुमारी का सीनियर राष्ट्रीय खो-खो चैंपियनशिप में चयन, जिले का नाम रोशनष्ट्रीय स्तर के लिए हुआ।
जमुई की होनहार खिलाड़ी निशा कुमारी का चयन सीनियर राष्ट्रीय खो-खो चैंपियनशिप के लिए हुआ है। वह ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल की छात्रा हैं और 11 से 14 जनवरी को तमिलनाडु में बिहार टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है और इसे खेल इतिहास में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जमुई, नगर संवाददाता । जिले के लिए यह गर्व और खुशी का क्षण है कि जिले की होनहार खिलाड़ी निशा कुमारी का चयन सीनियर राष्ट्रीय खो-खो चैंपियनशिप के लिए हुआ है। निशा कुमारी ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, जमुई की छात्रा हैं और वे इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में बिहार टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। सीनियर राष्ट्रीय खो-खो चैंपियनशिप का आयोजन 11 से 14 जनवरी तक तमिलनाडु में किया जाएगा। निशा के चयन की खबर मिलते ही जिलेभर में खुशी की लहर दौड़ गई। जमुई जिला खो-खो एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने खिलाड़ी को शुभकामनाएं देते हुए आशीर्वाद दिया और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए रवाना किया।
इस उपलब्धि को जिले के खेल इतिहास में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इस अवसर पर जिला खो-खो एसोसिएशन के उपाध्यक्ष बासुदेव प्रसाद केशरी ने कहा कि आज बच्चों के अभिभावकों के सहयोग से ही बेटियां खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ पा रही हैं। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब न तो बच्चियां खेलों में रुचि लेती थीं और न ही अभिभावक उन्हें खेलने के लिए प्रेरित करते थे, लेकिन खो-खो एसोसिएशन जमुई के निरंतर प्रयासों और मेहनत का ही परिणाम है कि आज लड़कियां भी लड़कों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं। ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के निदेशक डॉ. मनोज कुमार सिन्हा ने कहा कि उनका संस्थान शिक्षा के साथ-साथ खेल और खिलाड़ियों को भी पूरा सहयोग प्रदान करता है। वहीं विद्यालय के प्राचार्य ऋतु राज सिन्हा ने बताया कि स्कूल में न सिर्फ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाती है, बल्कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों को तैयार करने, उन्हें निखारने और विशेष खेल सुविधाएं देने पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने अनुभवी खेल प्रशिक्षक प्रशांत कुमार सावन की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने में उनका अहम योगदान रहता है। जमुई जिला खो-खो एसोसिएशन के सचिव अनुराग कुमार सिंह ने जानकारी दी कि 7 और 8 जनवरी को लखीसराय जिले में आयोजित सीनियर स्टेट खो-खो चैंपियनशिप में बिहार के लगभग सभी जिलों की टीमों ने भाग लिया था। इसमें जमुई जिले की बालक और बालिका टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसके आधार पर बालिका वर्ग से निशा कुमारी का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए हुआ।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




