उत्तर भारत का पहला आदियोगी मंदिर भागलपुर में बनेगा

Apr 06, 2026 01:24 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share

कोयंबतूर व बेंगलुरु में उत्तर भारतीयों की भीड़ रोकने की पहल ईशा फाउंडेशन ने भागलपुर

उत्तर भारत का पहला आदियोगी मंदिर भागलपुर में बनेगा

भागलपुर, मुख्य संवाददाता। भागलपुर में 100 एकड़ में योग केंद्र बनेगा। जहां दक्षिण भारत के मशहूर आध्यात्मिक गुरु सद्गगुरु जग्गी वासुदेव द्वारा निर्मित आदियोगी शिव मंदिर की स्थापना होगी। कोयंबतूर और बेंगलुरु जैसी आदिशिव की विशाल करीब 112 फीट ऊंची मूर्ति का निर्माण किया जाएगा। इसको लेकर उत्तर भारत में भागलपुर का चयन किया गया है, बशर्ते जिला प्रशासन 120 एकड़ जमीन मुहैया करा दे। इसको लेकर ईशा फाउंडेशन ने जिला प्रशासन को पत्र लिखा है। ईशा फाउंडेशन के प्रस्ताव के बाद पर्यटन विभाग ने कवायद की है। विभाग के सचिव निलेश रामचंद्र देवरे ने भागलपुर के डीएम को मांगी गई जमीन की उपलब्धता व विस्तृत रिपोर्ट देने का आग्रह किया है।

सचिव ने पत्र में लिखा है कि योग केंद्र में ध्यान कक्ष, चिकित्सा सहायता आदि की व्यवस्था होगी। योग विज्ञान, आंतरिक कल्याण एवं मानव सशक्तीकरण के प्रतीक आदियोगी की 112 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित होगी। इसका उद्देश्य बिहार में पर्यटन को बढ़ावा देना होगा।पर्यटन विभाग को ईशा फाउंडेशन की ओर से बताया गया है कि कोयंबटूर व बेंगलुरु में दो केंद्र संचालित हैं। देश के महत्वपूर्ण आध्यात्मिक केंद्रों के रूप में इसे जाना जाता है। यहां प्रतिवर्ष करीब एक करोड़ पर्यटक आते हैं। बिहार में पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए यहां भी एक ऐसा केंद्र स्थापित करने की योजना है। लाखों की संख्या में पर्यटक बिहार आते हैं। केंद्र की स्थापना के बाद पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। वहीं, आसपास के इलाके में बड़ी संख्या में रोजगार के साधन उपलब्ध होंगे। केंद्र के निर्माण के समय से ही रोजगार उपलब्ध होना शुरू हो जाएगा। केंद्र के लिए सौ एकड़ व प्रतिमा के लिए 10 से 20 एकड़ भूमि की जरूरत होगी।99 वर्षों की लीज पर ली जाएगी जमीनपर्यटन विभाग के सचिव ने पत्र में लिखा है कि यह भूमि 99 वर्षों की लीज पर ली जाएगी। लीज की अवधि बढ़ाने का भी प्रविधान होगा। इसे देखते हुए भूमि उपलब्धता के साथ विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। जानकारों ने बताया कि कुछ साल पहले पटना के बांस घाट पर 12 फीट ऊंची आदियोगी प्रतिमा के साथ आधुनिक मोक्षधाम और 112 फीट की प्रतिमा लगाने की योजना बनाई गई थी। लेकिन सफलता नहीं मिली। अब भागलपुर व अन्य जिलों में जमीन की तलाश की जा रही है।कोटजमीन उपलब्ध कराने के लिए सभी सीओ को पत्र दिया जाएगा। प्रस्ताव आने पर पर्यटन विभाग को सूचित किया जाएगा। - दिनेश राम, एडीएम।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।