Bhagalpur News: किशनगंज : दिघलबैंक को मिला पहला डिग्री कॉलेज
Bhagalpur News: दिघलबैंक में तुलसिया उच्च विद्यालय परिसर में एक नया डिग्री कॉलेज खोला गया है, जिससे क्षेत्र के छात्रों, विशेषकर छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सहूलियत मिलेगी। उद्घाटन जिलाधिकारी नवीन कुमार और अन्य अधिकारियों ने किया। कॉलेज में वर्तमान में 113 छात्रों का नामांकन हुआ है और पढ़ाई अस्थायी रूप से हो रही है।

Bhagalpur News: किशनगंज से विक्रम मिश्रा की रिपोर्ट दिघलबैंक। सीमावर्ती प्रखंड दिघलबैंक के छात्रों, विशेषकर छात्राओं को अब स्नातक की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। बुधवार को तुलसिया उच्च विद्यालय परिसर में नवस्थापित डिग्री कॉलेज, दिघलबैंक का विधिवत शुभारंभ किया गया। उद्घाटन जिलाधिकारी नवीन कुमार, ठाकुरगंज विधायक गोपाल अग्रवाल एवं उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।इस अवसर पर छात्राओं के सुरक्षित आवागमन के लिए संचालित की जाने वाली पिंक बस को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में डिग्री कॉलेज की स्थापना से उच्च शिक्षा को नई दिशा मिलेगी।
इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को भी अपने क्षेत्र में ही स्नातक स्तर की पढ़ाई का अवसर मिलेगा।कॉलेज के प्राचार्य ए. एच. वहिदी ने बताया कि फिलहाल कॉलेज का संचालन तुलसिया उच्च विद्यालय के 10 कमरों में किया जाएगा। अभी तक 113 विद्यार्थियों का नामांकन हो चुका है। प्रथम चरण में हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, राजनीति शास्त्र, अर्थशास्त्र तथा समाजशास्त्र विषयों में पढ़ाई शुरू की जाएगी। विद्यार्थियों के बैठने के लिए 130 बेंच-डेस्क की व्यवस्था की गई है। कॉलेज का शुभारंभ तो हो गया है, लेकिन फिलहाल इसकी अपनी इमारत नहीं है। पढ़ाई अस्थायी रूप से हाई स्कूल तुलसिया द्वारा दिये गये कमरों में होगी। हालांकि राहत की बात यह है कि कॉलेज भवन निर्माण के लिए इसी परिसर में 5 एकड़ 46 डिसमिल भूमि उपलब्ध करा दी गई है, जहां भविष्य में स्थायी भवन का निर्माण कराया जाएगा। वर्तमान में सीमित संसाधनों के बीच शिक्षण कार्य शुरू किया गया है। शुरुआती चरण में नामांकन को देखते हुए छात्रों में उत्साह है, लेकिन स्थायी भवन, प्रयोगशाला, पुस्तकालय और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास आगे की बड़ी आवश्यकता होगी। उद्घाटन समारोह में प्रोफेसर राजेश कुमार, कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) राजकमल कुमार, बीडीओ बप्पी ऋषि, सीओ सदानंद कुमार, प्रभारी बीईओ सह सांख्यिकी पदाधिकारी नरेश मंडल, बीएओ शिवम कुमार, पूर्व प्रमुख ब्रजमोहन झा, तुलसिया उच्च विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक महानंद झा,तुलसिया मुखिया जैद अजीज, लोहागढ़ा मुखिया कृष्ण प्रसाद सिंह, बीस सूत्री उपाध्यक्ष गणेश कुमार सिंह, सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


