ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार भागलपुरनवगछिया: घर में घुसकर कुख्यात राजधर यादव को गोलियों से भूना

नवगछिया: घर में घुसकर कुख्यात राजधर यादव को गोलियों से भूना

गोपालपुर थाना क्षेत्र के लतरा गांव में शनिवार सुबह घर में घुसकर लतरा के ही कुख्यात राजधर यादव को बदमाशों ने गोलियों से भून डाला। इसके बाद फायरिंग करते हुए फरार हो गए। भागने के दौरान राजभर के साथी...

नवगछिया: घर में घुसकर कुख्यात राजधर यादव को गोलियों से भूना
हिन्दुस्तान टीम,भागलपुरSun, 05 Apr 2020 03:06 AM
ऐप पर पढ़ें

गोपालपुर थाना क्षेत्र के लतरा गांव में शनिवार सुबह घर में घुसकर लतरा के ही कुख्यात राजधर यादव को बदमाशों ने गोलियों से भून डाला। इसके बाद फायरिंग करते हुए फरार हो गए। भागने के दौरान राजभर के साथी सुभाष यादव के दरवाजे पर दो फायरिंग की। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। इसके बाद चार थानों की पुलिस के साथ एसडीपीओ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन की।

लतरा में जांच के दौरान पुलिस ने पिस्टल के 9एमएम के कई खोखे व देसी कट्टे की भी गोली बरामद की। इसी दौरान राजभर के ससुर, तिनटंगा करारी के बाहुबली व पूर्व मुखिया अखिलेश यादव सहित बडी संख्या में परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। एसडीपीओ प्रवेन्द्र भारती व गोपालपुर थानाध्यक्ष श्रीकांत भारती ने परिजनों को समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

बताया जाता है कि रंगरा ओपी क्षेत्र के मुरली चन्द्रखड़ा की ओर से दो बाइक पर छह हथियारबंद नकाबपोश राजधर यादव के घर के निकट पहुंचा। वहा राजधर अपनी गाय को चारा लगाने की तैयारी कर रहा था। बदमाशों को देखते ही राजधर जान बचाने के लिए घर से सटे खपरैल मकान में घुसकर दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद बेखौफ बदमाशों ने दरवाजे को तोड़ कर छुपे राजधर को गोलियों से भून डाला। इसके बाद सभी बदमाश अपनी-अपनी बाइक से फायरिंग करते हुए भाग निकले। गोलियों की तड़तड़ाहट से लतरा गांव थर्रा उठा। हालांकि हत्या किसने की और हत्या का क्या कारण है, इस पर कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है। लेकिन लतरा के ही कुख्यात छोटुवा उर्फ पुरुषोत्तम यादव द्वारा हत्या की घटना को अंजाम देने की बात कही जा रही है।

घटना के बाद एसडीपीओ प्रवेन्द्र भारती, गोपालपुर थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर श्रीकांत भारती, नवगछिया थानाध्यक्ष राजकपूर कुशवाहा, रंगरा थनाध्यक्ष राजेश राम मौके पर पहुंचकर जांच की और परिजनों से घटना की जानकारी ली।

वर्चस्व की लड़ाई में रक्तरंजित रहा है लतरा का इतिहास

मृत राजधर यादव के भाई बेचन यादव, पूर्व प्रमुख पुत्र स्व डबलू यादव व कुख्यात छोटुवा के भाई प्रवीण की तिकडी लतरा गांव में काफी चर्चित था। गांव में हत्या का सिलसिला 2006-07 से शुरू हुआ। 2007 में मृत राजधर यादव के बड़े भाई बेचन यादव की हत्या पचगछिया के घनश्याम साह के घर पर हुई। 2009 में बेचन यादव की हत्या के आरोपी घनश्याम साह की हत्या कर दी गयी। इस घटना में राजधर यादव को हत्या का आरोपी बनाया गया। बेचन यादव की हत्या में मुखबिर के रूप में शामिल रहने के आरोपी मंटू सिंह की हत्या 2017 में आम तोड़ने के दौरान में बगीचे में कर दी गई। इस घटना में राजधर यादव नामजद था, लेकिन इन दिनों जमानत पर बाहर था।

2004-05 में कुख्यात छोटुआ के भाइयों की हत्या हुई थी। इसमें पूर्व प्रमुख पुत्र डब्लू यादव को आरोपी बनाया गया था। इसके बाद छोटुआ ने दिनदहाड़े प्रमुख पुत्र डब्लू यादव की हत्या गोपालपुर प्रखंड कार्यालय के प्रमुख कक्ष में कर दी और पिस्टल लहराते हुए भाग निकला था।

राजभर सहित दो लोगों को किया गया था अलर्ट

पुलिस सूत्रों के अनुसार खुफिया जानकारी मिलने पर राजधर यादव सहित दो अन्य लोगों को सुरक्षित रहने का निर्देश दिया गया था। साथ ही लतरा में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई थी। पुलिस सुबह की गश्ती कर लतरा से लौटी। उसके बाद बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया यानी बदमाशों को पल-पल की जानकारी मिल रही थी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें