
जमुई : स्कूल में राष्ट्रीय युवा दिवस का आयोजन कर स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को किया याद
झाझा पब्लिक स्कूल में राष्ट्रीय युवा दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपनाने और अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने स्वामी विवेकानंद के विचारों पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए।
झाझा, नगर संवाददाता झाझा पब्लिक स्कूल में राष्ट्रीय युवा दिवस उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने यह संकल्प लिया कि वे बिना थके अपने लक्ष्य की ओर निरंतर अग्रसर रहेंगे तथा स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करेंगे।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने स्वामी विवेकानंद के प्रेरणादायक विचारों एवं सुवचनों को साझा किया तथा उनके जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर विद्यालय के निर्देशक डॉ. सुरेंद्र निराला ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की जीवनी केवल एक कहानी नहीं, बल्कि एक संपूर्ण जीवन-शैली है, जिसे हमें अपनाना चाहिए।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि न्यूटन के सिर पर सेब गिरने के बाद उन्होंने कुछ नया सोचने का प्रयास न किया होता, तो आज हम भौतिकी के अनमोल नियमों से वंचित रह जाते। उसी प्रकार जीवन में निरंतर आगे बढ़ते रहना ही सफलता की कुंजी है।कार्यक्रम में उप-प्रधानाचार्य अंश कुमार, फहान सर तथा शिक्षकगण सौरव कुमार, अर्जुन कुमार, काजल कुमारी, अनु कुमारी, रितु कुमारी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को विद्यार्थियों के समक्ष रखते हुए युवाओं को आत्मविश्वास, अनुशासन, चरित्र निर्माण एवं राष्ट्र सेवा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के बीच भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वामी विवेकानंद के जीवन, उनके विचारों तथा युवाओं के लिए दिए गए संदेशों पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों का विकास करना, उनमें आत्मबल एवं आत्मविश्वास जागृत करना तथा उन्हें एक सशक्त, आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनाना रहा। विद्यालय परिवार के सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




