किलकारी के बच्चों ने दिखाए भविष्य के विज्ञान मॉडल

Mar 01, 2026 12:58 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share Share
Follow Us on

फोटो है : 35 विद्यालयों के 979 बच्चों ने प्रतियोगिता में लिया भाग विभिन्न

किलकारी के बच्चों ने दिखाए भविष्य के विज्ञान मॉडल

भागलपुर, कार्यालय संवाददाता। किलकारी बिहार बाल भवन, भागलपुर में शनिवार को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के मौके पर कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों ने भविष्य के कई मॉडल प्रस्तुत किये। विज्ञान मेले में 35 विद्यालयों ने भागीदारी की। कुल 979 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कक्षा एक से नौ तक के बच्चों ने व्यक्तिगत एवं समूह स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोत, जल संरक्षण और आधुनिक तकनीक से जुड़े मॉडल प्रस्तुत किये। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ मुख्य अतिथि डॉ. सुनील कुमार चौधरी, प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक साहिल राज, खगोल विज्ञान विशेषज्ञ प्रियंका गुप्ता, सहायक लेखा पदाधिकारी ऋषभ कुमार, जितेंद्र कुमार झा तथा सितार गुरु प्रवीर ने किया।

प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि विज्ञान केवल प्रयोगशाला तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह हमारे सोचने और जीवन जीने का तरीका है। मुख्य अतिथि डॉ. सुनील ने कहा कि भारत जैसे युवा देश में वैज्ञानिक सोच का विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि हर महान वैज्ञानिक कभी एक जिज्ञासु बालक ही था, जिसने क्यों और कैसे पूछना नहीं छोड़ा। संबोधन के बाद समूह ए कक्षा छह एवं सात एवं समूह बी कक्षा आठ एवं नौ की विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें गलती ढूंढ़ो 10 बन जाओ जीनियस और खोलो किताब दे दो जवाब जैसे रोचक राउंड शामिल थे। बच्चों के लिए आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में नन्हे कलाकारों ने विज्ञान और प्रकृति से जुड़े सुंदर चित्र बनाकर अपनी कल्पनाशक्ति का परिचय दिया। मॉडल निर्माण प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रो. डॉ. सुनील कुमार चौधरी, भौतिकी विभाग के शोधार्थी मनीष कुमार, बॉटनी विभाग से मनीषा केशान, टीएमबीयू की डॉ. डॉ. शिवानी भारद्वाज तथा डॉ. दुबेश कुमार दुबे शामिल थे। चित्रकला प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में अनिल कुमार एवं अशोक कुमार ने बच्चों की रचनात्मकता का मूल्यांकन किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विज्ञान संवाद सत्र रहा, जिसमें खगोल विज्ञान विशेषज्ञ प्रियंका गुप्ता ने जर्नी थ्रू द यूनिवर्स विषय पर अत्यंत रोचक और ज्ञानवर्धक प्रस्तुति दी। उन्होंने बच्चों को ब्रह्मांड की उत्पत्ति, ग्रह-नक्षत्रों की संरचना, ब्लैक होल, आकाशगंगाओं और अंतरिक्ष अनुसंधान के बारे में सरल भाषा में समझाया। विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता समूह ए में डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, कंपनीबाग ने प्रथम स्थान, मध्य विद्यालय हबीबपुर (बालक) ने द्वितीय स्थान तथा राजकीय सारो साहून कन्या मध्य विद्यालय, खलीफाबाग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। समूह बी में राजकीय चंद्रावती बालिका मध्य विद्यालय, चंपानगर ने प्रथम स्थान, इंटरस्तरीय सरसहाय बालिका विद्यालय, कहलगांव ने द्वितीय स्थान तथा न्यू एरा अकैडमी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मॉडल प्रदर्शनी प्रतियोगिता समूह ए में राजकीय मध्य विद्यालय बरारी (बालक) ने प्रथम स्थान, मध्य विद्यालय विद्युत नगर बरारी ने द्वितीय स्थान तथा इंटरस्तरीय सरसहाय बालिका मध्य विद्यालय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। समूह बी में इंटरस्तरीय सरसहाय बालिका विद्यालय ने प्रथम स्थान, पीटी मध्य विद्यालय तिलकामांझी ने द्वितीय स्थान तथा मध्य विद्यालय मीराचक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में रोहन कुमार ने प्रथम स्थान, चंदन कुमार ने द्वितीय स्थान तथा नैना कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता बच्चों को गमछा, मेडल, मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।