जमुई : राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए 10 बेंच का गठन, होगी सुगमता के साथ सुनवाई
जमुई में 13 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन होगा। जिला एवं सत्र न्यायाधीश संदीप सिंह के निर्देश पर 10 बेंचों का गठन किया गया है। विभिन्न मामलों का निस्तारण करने के लिए न्यायिक अधिकारी और...

जमुई। व्यवहार न्यायालय में आगामी 13 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश संदीप सिंह के निर्देश पर मामलों के निस्तारण के लिए कुल 10 बेंच बनाए गए हैं। व्यवहार न्यायालय के न्यायिक पदाधिकारी , अधिवक्ता और अधीनस्थ कर्मचारी गण गठित बेंच में शामिल हैं। बेंच संख्या एक में एडीजे सत्यनारायण शिवहरे के साथ अधिवक्ता साधना कुमारी रहेंगी। इसमें पारिवारिक न्यायालय में लंबित वादों और भारतीय स्टेट बैंक के ऋण प्रकरणों का निपटान किया जाएगा। बेंच संख्या दो में एडीजे चतुर्थ प्रभात कुमार श्रीवास्तव तथा अधिवक्ता अंजनी कुमार रहेंगे। इसमें मोटर वाहन दुर्घटना से जुड़े मामलों के साथ ग्रामीण बैंक के ऋण वादों की सुनवाई की जाएगी।
बेंच संख्या तीन में अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी श्री सत्यम के संग अधिवक्ता प्रसादी साह रहेंगे। इसमें एसडीएम कोर्ट के मामलों के अतिरिक्त सीजेएम कोर्ट , एसीजेएम प्रथम और द्वितीय कोर्ट के मामलों के साथ वन विभाग के वादों का भी निस्तारण किया जाएगा। बेंच संख्या चार में मुंसिफ अनुभव रंजन के साथ अधिवक्ता प्रदीप कुमार सिंह रहेंगे। इसमें खनन विभाग से जुड़े सभी वादों की सुनवाई की जाएगी। बेंच संख्या पांच न्यायिक दंडाधिकारी भाविका सिंहा के साथ अधिवक्ता राजकुमार यादव रहेंगे। इसमें उनके कोर्ट के लंबित वाद , एनआई एक्ट और बिजली विभाग सब डिविजन जमुई के मामलों का निष्पादन किया जाएगा। बेंच संख्या छः में न्यायिक दंडाधिकारी नाजिया खान के साथ अधिवक्ता शिवदास पंडित रहेंगे। इसमें श्रम , माप-तौल विभाग और ग्राम कचहरी से संबंधित समस्त मामलों का निष्पादन किया जाएगा। बेंच संख्या सात में जुडिशियल मजिस्ट्रेट मृणाल आर्यन के साथ अधिवक्ता यशवर्धन रहेंगे। इसमें उनके कोर्ट के लंबित वादों के साथ इलेक्ट्रिसिटी सब डिवीजन सिकंदरा के मामलों का निस्तारण किया जाएगा। बेंच संख्या आठ में जुडिशियल मजिस्ट्रेट अनिमेष रंजन के साथ अधिवक्ता हिमांशु कुमार पांडे रहेंगे। इसमें उनके कोर्ट के लंबित वाद के अलावा इलेक्ट्रिसिटी सब डिवीजन झाझा के मामलों का निष्पादन किया जाएगा। बेंच संख्या नौ में जुडिशियल मजिस्ट्रेट एहसान रशीद के साथ अधिवक्ता सद्दाम हुसैन रहेंगे। इसमें उनके कोर्ट के मामलों के अतिरिक्त बिजली विभाग सब डिविजन गिद्धौर के मामलों का निस्तारण किया जाएगा। बेंच संख्या 10 में एडीजे पंचम पवन कुमार के साथ अधिवक्ता राकेश राज रहेंगे। इसमें भारतीय स्टेट बैंक और बिहार ग्रामीण बैंक को छोड़कर सभी राष्ट्रीकृत और निजी बैंकों के ऋण मामलों का निस्तारण किया जाएगा। उधर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव राकेश रंजन ने बताया की बैंचों का गठन भीड़ को नियंत्रित करने के लिए किया गया है। इसके जरिए लोग सुगमता से अपने वादों का निस्तारण कर सकेंगे। उन्होंने लोगों से आग्रह करते हुए कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने में यथोचित सहयोग करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




