
अररिया: जिले में सौ दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान शुरू
बाल विवाह मुक्त बनाने के उद्देश्य से 100 दिवसीय राष्ट्रीय जागरूकता अभियान की शुरुआत सोमवार को हुई। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने दिल्ली में इसका उद्घाटन किया। जिले में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां उपस्थित सभी ने संकल्प लिया कि 18 वर्ष से कम उम्र में विवाह नहीं होगा।
फारबिसगंज, निज संवाददाता। देश को बाल विवाह मुक्त बनाने के लक्ष्य के साथ शुरू किए गए सौ दिवसीय राष्ट्रीय जागरूकता अभियान का सोमवार को शुभारंभ किया गया। दिल्ली में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा आयोजित मुख्य कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी के उदबोधन के साथ इसकी औपचारिक शुरुआत हुई। इसी कड़ी में जिले में जिला प्रशासन का सहयोग व जागरण कल्याण भारती के सौजन्य से नोबल एकेडमी विद्यालय परिसर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर अभियान की शुरुआत स्थानीय स्तर पर भी की गई। कार्यक्रम में जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
जिले से जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ,आईसीडीएस व नोडल पदाधिकारी बाल विवाह मुक्त अभियान अररिया, कविता कुमारी, सीडीपीओ श्वेता कुमारी, महिला एवं बाल विकास निगम के जिला समन्वयक सोहेब रूमी, दीपक पासवान, अंकुश कुमार यादव, विक्रम कुमार शाह, सोनू कुमार, भाग कोलिया पंचायत की एलएस नाजिया, सेविकागण सहित कई अधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। अतिथियों का स्वागत नोबल एकेडमी के डायरेक्टर अधिवक्ता नरेंद्र झा एवं रजनीकांत झा ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के दौरान दिल्ली से केंद्रीय मंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसमें बाल विवाह को मानवाधिकारों के उल्लंघन का सबसे बड़ा कारण बताते हुए इसके खिलाफ सामूहिक रूप से आगे आने का आह्वान किया गया। कहा गया कि विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने में बाल विवाह उन्मूलन एक महत्वपूर्ण कदम है। स्थानीय कार्यक्रम में सभी उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों और स्कूली बच्चों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि 18 वर्ष से कम आयु में कोई भी दूल्हा या दुल्हन नहीं बनेगा। पूरे परिसर को स्टॉप चाइल्ड मैरिज से संबंधित पोस्टर और बैनरों से सजाया गया था, जिससे कार्यक्रम का संदेश और अधिक प्रभावी रूप से प्रसारित हो। कार्यक्रम का सफल संचालन जागरण कल्याण भारती के अध्यक्ष संजय कुमार ने किया। इस दौरान नोबेल विद्यालय के छात्र-छात्राएं जागरूकता प्रस्तुतियों के माध्यम से आकर्षण का केंद्र बने रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




