युवक की हत्या कर शव को टुकड़े-टुकड़े कर फेंका
आमापुर दियरा में युवक का शव चार टुकड़ों में बरामद तीन दिन पहले हत्या की

कहलगांव, निज प्रतिनिधि। घोघा थाना क्षेत्र के आमापुर दियारा में शुक्रवार को लगभग 20 वर्षीय अज्ञात युवक का शव चार टुकड़ों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव का सिर बरामद नहीं होने के कारण मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। आशंका जताई जा रही है कि हत्यारों ने युवक की बेरहमी से धारदार हथियार से हत्या कर शव के टुकड़े-टुकड़े कर अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया।जानकारी के अनुसार आमापुर दियारा स्थित मक्का की खेतों में लोगों ने संदिग्ध हालत में शव के अलग-अलग हिस्से पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही घोघा थानाध्यक्ष अजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल से शव के चार टुकड़े बरामद किए, जबकि सिर का हिस्सा नहीं मिल सका है। बताया जाता है कि शव के कुछ हिस्से मक्के के खेत में मिले, जबकि कुछ हिस्से पास के पानी भरे जलाशय में पड़े थे। वहीं एक हिस्सा घटनास्थल से लगभग 50 मीटर की दूरी पर बरामद किया गया। बरामद हाथ की कलाई में घड़ी भी मिली है, जिससे पुलिस पहचान के सुराग तलाशने का प्रयास कर रही है।घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया। फोरेंसिक टीम के प्रारंभिक आकलन के अनुसार युवक की हत्या करीब तीन दिन पहले की गई प्रतीत होती है।घोघा थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। सिर बरामद नहीं होने के कारण शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव के मिले हिस्सों को एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही मृतक की पहचान और हत्याकांड का खुलासा करने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


