
जमुई : महिला की रहस्यमय स्थिति में मौत,कुएं में मिली लाश
झाझा थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय रिबन कुमारी की रहस्यमय स्थिति में मौत हो गई। उसका शव ससुराल से 200 मीटर दूर एक कुएं में मिला। मृतका की शादी मार्च में हुई थी। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के...
झाझा,निज संवाददाता झाझा थाना क्षेत्र में पुनः एक ब्याहता की रहस्यमय स्थिति में मौत की घटना सामने आई है। गुरुवार को मृतका रिबन कुमारी (19),पति अनिल यादव का शव उसके ससुराल से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर स्थित एक कुएं में पाया गया है। गौरतलब यह भी कि उक्त महिला की शादी झाझा थाना के खैरन गांववासी अनिल यादव से अभी बीते मार्च माह में यानि करीब छह माह पूर्व ही हुई होने की बात बताई जाती है। बहरहाल,घटना क्यों व किस वजह से हुई और यह आत्महत्या है,हत्या या फिर हादसा,इन सवालों पर फिलहाल रहस्य का पर्दा पड़ा दिख रहा है।

पूछे जाने पर पुलिस ने भी फौरी तौर पर कुछ भी बता पाने में असमर्थता जताते हुए कहा कि इस बावत पोस्ट मॉर्टम रिपोर्ट व अनुसंधान के बाद ही खुलासा हो पाएगा। मिली जानकारीनुसार इसके पूर्व मृतका के पति द्वारा गुरुवार की सुबह थाना में एक आवेदन देकर बताया गया थी कि बुधवार की शाम उसकी पत्नी ने तबीयत खराब की बात कह दवा ला देने को कहा था। बकौल पति,जब वह कुछ ही देर में दवा लेकर घर लौटा तो पत्नी घर में नहीं मिली थी। बताया कि इसके बाद उनलोगों ने खोजबीन भी की थी। मृतका का मायके भी झाझा के ही कोड़वाडीह गांव में बताया जाता है। घटनास्थल पर झाझा थाना के एसआई धर्मेंद्र कु.सिंह एवं छैबर राम ने पुलिस बल संग पहुंच कर मामले की फौरी तफ्तीश की। साथ ही कुएं से शव को बरामद कर उसे अंत्यपरीक्षण को जमुई के सदर अस्पताल भेजा। मौके पर एफएसएल की टीम ने भी पहुंच कर जांच की कार्रवाई की। इधर सूचना पर मृतका के पिता दयाल यादव व मां समेत अन्य परिजन भी पहुंच गए थे। एसडीपीओ ने कहा: एक कुएं से मृतका का शव बरामद हुआ है। इस घटना की बावत फिलहाल कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। मृतका के मायके या ससुराल किसी भी पक्ष की ओर से कोई आरोप या आवेदन भी अभी तक सामने नहीं आया है। थानाध्यक्ष को शव का अंत्यपरीक्षण कराने को कहा गया है।- राजेश कुमार,एसडीपीओ,झाझा

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




