
सहरसा : शव के घर पहुंचते ही भड़का आक्रोश
सिमरी बख्तियारपुर में 27 वर्षीय कलावती देवी का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। महिला चार बच्चों की मां थी और उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम किया और दोषियों को...
सिमरी बख्तियारपुर, प्रतिनिधि। बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के गोछारी बहियार में रविवार की रात 27 वर्षीय महिला कलावती देवी का शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका चार बच्चों की मां थी और रोजाना की तरह रविवार को भी वह खेत की ओर गई थी, लेकिन देर रात उसका शव संदिग्ध अवस्था में मिला। सोमवार की सुबह पोस्टमार्टम के बाद जब शव घर पहुंचा तो गांव में मातम के साथ-साथ आक्रोश भी उमड़ पड़ा। गुस्साए ग्रामीणों ने शव को एनएच-107 पर रखकर सड़क जाम कर दिया। सुबह छह बजे शुरू हुआ यह जाम करीब साढ़े दस बजे प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद समाप्त हुआ।
ग्रामीणों और परिजनों का कहना है कि कलावती देवी की हत्या की गई है। शव की हालत देखकर यह साफ प्रतीत हो रहा था कि महिला की गला दबाकर हत्या की गई है। कई ग्रामीणों ने यह भी आशंका जताई कि महिला के साथ दुष्कर्म की कोशिश की गई और विरोध करने पर उसकी जान ले ली गई। परिजनों ने पुलिस के सामने साफ कहा कि हमारी बहन और बेटी की हत्या की गई है। यह सामान्य मौत नहीं है। दोषियों को फांसी से कम सजा मंजूर नहीं। घटना की जानकारी मिलते ही बख्तियारपुर थाना पुलिस हरकत में आई। जांच के बाद तीन आरोपियों कृति साह, धर्मेंद्र साह और संतोष साह को नामजद किया गया और हिरासत में ले लिया गया। कृति साह को रविवार की रात ही गिरफ्तार कर लिया गया। धर्मेंद्र साह और संतोष साह को सोमवार की सुबह दबोचा गया। थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार ने बताया कि मृतका के परिजनों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सोमवार की सुबह जब शव गांव पहुंचा तो माहौल और भी उग्र हो गया। ग्रामीणों ने शव को एनएच-107 पर रखकर सड़क को जाम कर दिया। इस दौरान जब पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को स्थल से थाने ले जाने का प्रयास किया, तो गुस्साई भीड़ ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस अभिरक्षा में ही जमकर पीटा। स्थिति बिगड़ती देख अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर आरोपी को भीड़ से छुड़ाया और सुरक्षित थाने तक पहुंचाया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




