एक करोड़ 39 लाख के लाभ का बजट पारित

Mar 01, 2026 01:26 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share

नगर परिषद सभागार में शनिवार को हुई सामान्य बोर्ड की बैठक पथ-निर्माण, नाला निर्माण और

एक करोड़ 39 लाख के लाभ का बजट पारित

नगर परिषद सभागार में शनिवार को सामान्य बोर्ड की बैठक सभापति राजकुमार गुड्डू की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पिछली बैठक की पुष्टि के बाद नगर क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। मुख्य रूप से पथ-निर्माण, नाला निर्माण और जल-नल योजना जैसे विषय प्रमुख रहे। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। सभापति राजकुमार गुड्डू ने बताया कि इस वर्ष का अनुमानित आय 338 करोड़ 49 लाख 17 हजार 254 रुपये 90 पैसा, व्यय 337 करोड़ नौ लाख 19 हजार 950 रुपये तथा बचत एक करोड़ 39 लाख 97 हजार 304 रुपये है।

विकास कार्यों के लिए पूंजीगत व्यय में लगभग 284 करोड़ 93 लाख 91 हजार रुपये का प्रावधान किया गया है। अन्य मदों में आंतरिक अवशेष के लिए एक करोड़ 23 लाख, स्थापना एवं अन्य राजस्व में सात करोड़ 61 लाख 21 हजार, प्रशासनिक व्यय में दो करोड़ 50 लाख 18 हजार, परिचालन एवं संरक्षण के लिए 18 करोड़ 14 लाख 77 हजार तथा संक्रामक रोग नियंत्रण के लिए 23 करोड़ 87 लाख 51 हजार रुपये का उपबंध शामिल है। हालांकि बैठक में आठ पार्षदों ने बहिष्कार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि बैठक की सूचना 72 घंटे पूर्व नहीं दी गई, जो बिहार नगरपालिका अधिनियम-2007 की धारा 49 का उल्लंघन है। पार्षद विभूति कुमार विकल सहित अन्य ने बताया कि सूचना गुरुवार दोपहर दो बजे के बाद मिली। नाराज पार्षद तिथि बढ़ाने की मांग करते हुए सदन से बाहर चले गए। इसके बाद उपसभापति नीलम देवी भी बैठक छोड़कर बाहर निकल गईं। उन्होंने कहा कि बजट बैठक दो दिन बाद भी हो सकती है, इससे विकास कार्य प्रभावित नहीं होंगे। सभापति ने दावा किया कि सूचना तीन दिन पूर्व मिल गई थी, जबकि बहिष्कार करने वाले पार्षदों ने इसे गलत बताया। सभापति ने आगे बताया कि विभिन्न योजनाओं पर एनआईटी और विभागीय कार्य प्रगति पर हैं। 51 विभागीय कार्यों पर रोक लगाई गई है। श्रावणी मेला की तैयारियां शुरू हो गई हैं, जिसमें एनआईटी के माध्यम से कार्य कराए जाएंगे। नप द्वारा सैरात बंदोबस्ती की जाएगी। साथ ही सीसीटीवी, सोलर लाइट, हाई मास्ट लाइट, स्ट्रीट लाइट, तिरंगा लाइट और सीमेंट बेंच लगाए जा रहे हैं। कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार ने सूचना विलंब पर कर्मचारी से स्पष्टीकरण मांगा है। बैठक में सांसद प्रतिनिधि पवन केसान, एमएलसी प्रतिनिधि सन्नी कुमार सहित अन्य उपस्थित थे। बैठक समाप्ति के बाद कार्यालय में होली मिलन समारोह हुआ, जिसमें सभी ने अबीर-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।