Bhagalpur News: आंदोलन-जुलूस में हिंसा से निगम प्रशासन सतर्क, सड़कों से ईंट-पत्थर हटाने का निर्देश
Bhagalpur News: आंदोलनों में पथराव की घटनाओं से सबक लेकर अलर्ट हुआ निगम तिलकामांझी समाधि स्थल के

Bhagalpur News: भागलपुर, वरीय संवाददाता। शहर में आए दिन होने वाले प्रदर्शनों और जुलूसों के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा पथराव की घटनाओं से सबक लेते हुए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। हाल के महीनों में हुए आंदोलनों के दौरान सड़क किनारे पड़े ईंट-पत्थर का इस्तेमाल किए जाने की घटनाओं ने प्रशासन को सतर्क कर दिया है। इसी को ध्यान में रखते हुए निगम प्रशासन ने शहर की प्रमुख सड़कों के किनारे बिखरे ईंट, पत्थर, पेवर ब्लॉक और अन्य निर्माण सामग्रियों को तत्काल प्रभाव से हटाकर सफाई कराने का निर्देश जारी किया है। निगम प्रशासन का मानना है कि सड़कों पर बिखरी निर्माण सामग्री न केवल आम लोगों के आवागमन में बाधा बनती है, बल्कि आंदोलन या जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए भी बड़ा खतरा पैदा कर सकती है। निर्देश जारी होते ही नगर निगम की टीम ने शहर के विभिन्न हिस्सों में कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में तिलकामांझी चौक स्थित निर्माणाधीन तिलकामांझी समाधि स्थल के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया गया। वहां रखे पेवर ब्लॉक, ईंट और अन्य मलबे को पूरी तरह हटाकर साफ कराया गया, ताकि यातायात सुचारू बना रहे। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी योजनाओं का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद संबंधित संवेदक को अनिवार्य रूप से स्थल की सफाई करानी होगी। इसके अलावा, निजी भवनों के निर्माण के दौरान सड़कों पर लंबे समय तक निर्माण सामग्री छोड़ने वाले गृह स्वामियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। संबंधित कर्मियों को शहर की मुख्य सड़कों की लगातार निगरानी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
योजनाओं का निर्माण कर रहे संवेदकों को दिया निर्देश
अतिक्रमण दस्ता प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि आवागमन बाधित होने के साथ-साथ आंदोलन आदि को भी ध्यान में रखते हुए सड़क और चौक-चौराहों के किनारे ईंट-पत्थरों को साफ करने का निर्देश वरीय अधिकारियों द्वारा दिया गया है। इसका क्रियान्वन कराया जा रहा है। इधर, योजना शाखा प्रभारी आदित्य जायसवाल ने बताया कि नगर निगम ने योजनाओं का निर्माण कर रहे सभी संवेदकों को निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद निर्माण स्थल के आसपास से ईंट-पत्थरों को हटाने का निर्देश दिया गया है। इसको लेकर तिलकामांझी चौक पार्क के पास सफाई कराई गई है।

