
शुक्रवार और शनिवार को भागलपुर में रहेंगे नये आयुक्त
मुंगेर के प्रमंडलीय आयुक्त अवनीश कुमार सिंह ने सोमवार को भागलपुर प्रमंडल का पदभार ग्रहण किया। उन्हें महिला पुलिस बल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने भागलपुर और बांका के विकास और योजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन का आश्वासन दिया। वे ग्रामीण स्तर पर बेहतर प्रशासन के लिए जनता की फीडबैक भी लेंगे।
भागलपुर, मुख्य संवाददाता। मुंगेर के प्रमंडलीय आयुक्त अवनीश कुमार सिंह ने सोमवार को भागलपुर प्रमंडल का पदभार ग्रहण किया। भागलपुर प्रमंडल के कार्यालय परिसर में उन्हें महिला पुलिस बल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। इसके पूर्व जिला अतिथि गृह में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने पुष्प गुच्छ भेंट कर भागलपुर की धरती पर उनका हार्दिक अभिनंदन किया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नवगछिया के एसडीओ ऋतुराज प्रसाद सिंह, आयुक्त के सचिव, क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क, एसडीओ सदर आदि मौजूद रहे। प्रभार ग्रहण करने के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि दो प्रमंडल का जिम्मा उनके पास है।

ऐसे में शुक्रवार और शनिवार को वे भागलपुर प्रमंडल में रहेंगे। वे इन दोनों दिनों में भागलपुर-बांका जिले के फरियादियों से मिलेंगे। उनकी शिकायतों को सुनेंगे और निदान कराएंगे। बोले, उनके लिए सौभाग्य की बात है कि उन्हें भागलपुर की सेवा करने का पुनः अवसर प्राप्त हुआ है। वे पूर्व में भी नगर आयुक्त के रूप में भागलपुर की सेवा कर चुके हैं। वर्ष 2017 में उनका भागलपुर से स्थानांतरण हुआ था और आज आठ साल बाद 2025 में भागलपुर के प्रमंडलीय आयुक्त के रूप में प्रभार ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि इन आठ वर्षों में भागलपुर का उल्लेखनीय विकास हुआ है और ग्रामीण क्षेत्र में भी विकास की अच्छी स्थिति है। उन्होंने कहा कि प्रगति यात्रा के दौरान जितनी भी घोषणा की गई है, उसका क्रियान्वयन कराएंगे। इसके अलावा भागलपुर और बांका की जितनी भी महत्वपूर्ण संचालित योजनाएं हैं, उनका त्वरित गति से क्रियान्वयन के लिए अन्तर जिला या अन्तर विभाग से समन्वय की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यों को प्रमंडल से सहयोग मिलेगा ताकि योजनाओं का क्रियान्वयन और तेजी से हो सके। इसके अलावा ग्रामीण स्तर पर, अनुमंडल स्तर पर आम जनता को सहज और सुलभ प्रशासन मिले और जितने भी जन उपयोगी योजनाएं हैं उनका प्रभावी क्रियान्वयन हो। स्वच्छ और पारदर्शी प्रशासन हो, इसके लिए जनता का फीडबैक भी लिया जाएगा। कमिश्नर ने कहा कि बड़ी परियोजनाओं की प्रगति की जल्द समीक्षा करेंगे। पदभार संभालने के बाद करीब आधे घंटे तक वीसी से भागलपुर और बांका के पदाधिकारियों से बात की और कैसा काम उन्हें पसंद है, इससे सबों को अवगत कराया। अगले हफ्ते संभव है कि बैठक करें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




