सुपौल : सांसद ने किया भीमपुर का दौरा, हाल्ट नामकरण-फ्लाईओवर व अंडरपास की मांग तेज
सोमवार को सुपौल के सांसद दिलेश्वर कामैत ने भीमपुर पंचायत में बैठक की। स्थानीय लोगों ने रेलवे स्टेशन का नाम बदलने, पैसेंजर ट्रेनों की संख्या बढ़ाने, और सड़क पर फ्लाईओवर बनाने की मांग की। सांसद ने सभी समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया।

बलुआ बाजार, एक प्रतिनिधि। क्षेत्र भ्रमण के दौरान सोमवार को सुपौल के सांसद दिलेश्वर कामैत भीमपुर पंचायत पहुंचे, जहां आयोजित बैठक में उन्होंने भाग लिया। इस दौरान अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष किसन मंडल, जदयू प्रखंड अध्यक्ष अजय कुमार आनंद, जदयू नेता मोती अहमद सहित कई लोग मौजूद रहे। वहीं स्थानीय लोगों ने सांसद का माला व अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। बैठक में ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से सांसद को अवगत कराया। प्रमुख रूप से भीमपुर पंचायत स्थित छातापुर रोड हॉल्ट रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर भीमपुर हॉल्ट करने की मांग उठाई गई। ग्रामीणों ने बताया कि हॉल्ट के पास लगभग 34 एकड़ रेलवे की जमीन है, जिस पर स्थानीय लोग खेती-बाड़ी करते हैं।
आरोप लगाया गया कि कुछ रेलवे कर्मियों द्वारा जमीन के लीज के नाम पर अवैध वसूली की जाती है। इस पर सांसद ने तत्काल रेलवे अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर जमीन के उचित उपयोग (यूटिलाइजेशन) सुनिश्चित करने की बात कही। लोगों ने पैसेंजर ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की मांग भी रखी। उनका कहना था कि वर्तमान में केवल एक पैसेंजर ट्रेन चलती है, जिसका टाइम-टेबल भी अनियमित है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी होती है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि हॉल्ट की स्थिति जर्जर है और असामाजिक तत्वों द्वारा वहां के सामानों को क्षतिग्रस्त कर चोरी कर लिया जाता है।इसके अलावा, भीमपुर पंचायत के बीच से गुजर रहे रेलवे ट्रैक पर कई स्थानों पर अंडरपास निर्माण की मांग की गई, ताकि लोगों को ट्रैक पार करने में जोखिम न उठाना पड़े। बैठक में एनएच-27 और एसएच-91 के जंक्शन (भीमपुर चौक) पर फ्लाईओवर बनाने की मांग भी उठी। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पार करने के दौरान हर वर्ष करीब 50 लोगों की मौत हो जाती है, जिससे यह स्थान अत्यंत दुर्घटनाग्रस्त क्षेत्र बन चुका है। साथ ही पंचायत के प्रमुख स्थानों पर हाई मास्ट लाइट लगाने की भी मांग की गई। कुछ लोगों ने भीमपुर थानाध्यक्ष मिथिलेश पांडे पर जनप्रतिनिधियों और आम लोगों के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया। इस पर सांसद ने मौके पर ही सुपौल के पुलिस अधीक्षक सरथ आरएस को फोन कर मामले की जानकारी दी। एसपी ने थानाध्यक्ष की काउंसलिंग कर समस्या समाधान का आश्वासन दिया। सांसद दिलेश्वर कामत ने कहा कि सभी मांगों और शिकायतों पर गंभीरता से विचार कर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा। मौके पर प्रतापगंज प्रखंड अध्यक्ष जयप्रकाश जया, भीमपुर मुखिया रंजन कुमार भारती, पूर्व मुखिया कृत्यानंद मंडल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


