
भागलपुर संघर्ष, संस्कार और सम्मान की धरती है : पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भागलपुर में कहा कि कादंबिनी गांगुली और तिलकामांझी ने देश का इतिहास बदल दिया है। कादंबिनी ने बेटियों के लिए नया रास्ता बनाया, जबकि तिलकामांझी ने साहस से अंग्रेजों के अहंकार को तोड़ा। उन्होंने भागलपुर के विकास और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाओं की घोषणा की।
बोले, तिलकामांझी व कादंबिनी गांगुली ने देश का इतिहास बदल दिया कादंबिनी ने निष्ठा और समर्पण से बेटियों के लिए नया रास्ता बनाया भागलपुर, मुख्य संवाददाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भागलपुर संघर्ष, संस्कार और सम्मान की धरती है। यहां के दो सपूतों ने देश का इतिहास बदल दिया। तिलकामांझी ने बंदूक से नहीं, अपने साहस से अंग्रेजों के अहंकार को तोड़ा। इसी धरती की कादंबिनी गांगुली ने अपनी निष्ठा और समर्पण से बेटियों के लिए नया रास्ता बनाया। मैं इस धरती के महान विभूतियों को नमन करता हूं। ये बातें हवाई अड्डा मैदान में आयोजित चुनावी सभा के दौरान पीएम ने कही।

उन्होंने कहा, देश में मात्र दो जगह उत्तरवाहिनी गंगा बहती है। एक बनारस में, दूसरा भागलपुर में। गंगा मैया के आदेश पर मैं बनारस की सेवा कर रहा हूं और आज गंगा मैया के आदेश पर भागलपुर आशीर्वाद लेने आया हूं। बाबा काशी विश्वनाथ की कृपा मिलती रही है और अजगैवीनाथ के चरणों में प्रणाम करने का सौभाग्य मिलता रहा है। विक्रमशिला की इस भूमि ने हर युग में देश और समाज को नई दिशा दिखाई है। भागलपुर की धरती से पूरे बिहार को संदेश जा रहा है। फिर एक बार-एनडीए सरकार। उन्होंने इस स्लोगन को पांच बार दोहराया और जवाब में सभा में आये लोगों ने भी साथ दिया। पीएम ने कहा, विकसित बिहार का मकसद भागलपुर के रेशम उत्पादन को बढ़ावा देना, बुनकर-कारीगर और विश्वकर्मा को बहुत फायदा दिलाना भी है। भागलपुर का रेशम उत्पाद, मंजूषा पेंटिंग, मधुबनी पेंटिंग, दरभंगा का मखाना और मुजफ्फरपुर की लीची को दुनिया भर में बाजार दिलाने के लिए एक जिला एक उत्पाद स्कीम लाया गया है। ............. उज्जैन-काशी की तरह अजगैवीनाथ में भी बन रहा कॉरिडोर प्रधानमंत्री ने कहा, भागलपुर में टूरिज्म, हेरिटेज टूरिज्म और तीर्थ नगरी को बढ़ावा दिया जाएगा। उज्जैन और काशी की तरह अजगैवीनाथ में भी कॉरिडोर बनाया जा रहा है। विक्रमशिला का गौरव और गंगा किनारे बसे इस शहर का सभी घाट और मंदिर भी कहानी बताता है। बांका में मंदार पर्वत पर रोपवे बनाकर उसे बेहतर टूरिज्म प्रदान किया गया। यहां की डॉल्फिन मछलियां आकर्षण का केंद्र है। भागलपुर को जलमार्ग से जोड़ा गया है। जिससे भागलपुर को फायदा होगा। प्रधानमंत्री ने भागलपुर के विकास का रोडमैप भी बताया। कहा, विक्रमशिला पुल है और उसके बगल में फोरलेन पुल बनाया जा रहा है। जिससे शहरवासियों को ट्रैफिक से राहत मिलेगी। कोसी नदी पर सात किमी लंबा पुल (बिहपुर-वीरपुर) बनाया जा रहा है। जो दूरियां कम करेंगी। बक्सर से भागलपुर तक हाईस्पीड हाईवे बनाया जाएगा। इसकी स्वीकृति दी गई है। पीरपैंती में बिजली कारखाना बनाया जा रहा है। ये सभी इंफ्रास्ट्रक्चर युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराएगी। पीएम ने सेरी क्लस्टर का भी जिक्र किया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




