कहलगांव में स्वच्छ गंगा अभियान को मिलेगी रफ्तार, बनेगा शौचालय पानी का शोधन प्लांट

Newswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share

पंपिंग स्टेशन से गंदा पानी लाकर शोधन के बाद नदी में होगा विसर्जन भूमि चयन

कहलगांव में स्वच्छ गंगा अभियान को मिलेगी रफ्तार, बनेगा शौचालय पानी का शोधन प्लांट

भागलपुर, वरीय संवाददाता। गंगा नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने और शहर के ड्रेनेज सिस्टम को आधुनिक रूप देने की दिशा में एक बड़ी पहल शुरू हुई है। कहलगांव में शौचालय से निकलने वाले दूषित पानी (सीवेज) को अब सीधे गंगा में नहीं बहाया जाएगा। बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम (बुडको) ने कहलगांव में एक आधुनिक शोधन प्लांट स्थापित करने की तैयारी शुरू कर दी है। विभाग से निर्देश मिलने के बाद अभियंता अब भूमि चयन और विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने में जुट गए हैं।​योजना के अनुसार, शहर के विभिन्न हिस्सों से निकलने वाले शौचालय के गंदे पानी को एकत्रित करने के लिए कहलगांव में एक पंपिंग स्टेशन बनाया जाएगा।

पाइपलाइन के माध्यम से पूरे शहर का दूषित पानी यहां तक पहुंचाया जाएगा, जहां से इसे शोधन प्लांट में भेजा जाएगा। ​इस प्लांट की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि इसमें गंदे पानी को आधुनिक तकनीक से साफ किया जाएगा। पानी से हानिकारक तत्वों को पूरी तरह अलग करने के बाद जो स्वच्छ पानी बचेगा, उसे ही नदी में विसर्जित करने की योजना है।​तेजी से चल रही है तैयारी​बुडको के कनीय अभियंता पंकज कुमार के अनुसार इसके लिए जल्द ही प्राक्कलन तैयार कर विभाग को रिपोर्ट सौंपी जाएगी। ​इस नई परियोजना के धरातल पर उतरने से कहलगांव वासियों को जलजमाव और गंदगी की समस्या से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि बजट और भूमि की मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि कहलगांव में पहले से ही एक सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का प्रोजेक्ट निर्माणाधीन है। जोकि करीब 70 प्रतिशत पूरा भी हो चुका है। ​इससे पूर्व भागलपुर रेलवे जंक्शन पर भी इसी तरह की जल शोधन योजना पर काम चल रहा है।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।