परीक्षा भवन जाने के लिए बनाई सड़क, बंद कर दिया बाथरूम का चैंबर

परीक्षा भवन जाने के लिए बनाई सड़क, बंद कर दिया बाथरूम का चैंबर

संक्षेप:

भागलपुर के टीएमबीयू में बिना योजना के सड़क निर्माण से पानी की निकासी में समस्या आई। विवि के बाथरूम का पानी निकासी चैंबर बंद होने से प्रशासन को समस्या का सामना करना पड़ा। संवेदकों ने कई बार इसे ठीक करने की सलाह दी थी, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। कुलसचिव ने इंजीनियर की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया।

Dec 15, 2025 01:33 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share

भागलपुर, कार्यालय संवाददाता टीएमबीयू में गैर नियोजित तरीके से कार्य और सरकारी पैसे का किस तरह दुरुपयोग होता है, इसका ताजा उदहारण सामने आया है। दरअसल, परीक्षा भवन जाने वाले रास्ते पर लाखों रुपये से कंक्रीट वाला रोड तैयार किया गया, लेकिन रोड तैयार करते समय विवि के बाथरूम के चैंबर और उससे निकलने वाले पानी का रास्ता ही बंद कर दिया। इस पर किसी ने ध्यान तक नहीं दिया। जब बाथरूम का पानी ब्लॉक हो गया और एकाउंट सेक्शन में पानी प्रवेश कर गया तो विवि प्रशासन की आंख खुली। विवि के वरीय अधिकारियों को जानकारी लगी तो उन्होंने फिर से पानी निकासी के लिए चैंबर और नाला तैयार करने के लिए निर्देशित किया।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

अब विवि में संवेदकों द्वारा तैयार कंक्रीट की सड़क को तोड़ा गया है, इसके बाद विवि में जमे हुए पानी को निकाला गया, साथ ही चैंबर तैयार कर 20 फीट से ज्यादा सड़क काटकर नाला तैयार किया जा रहा है, ताकि पानी की निकासी हो सके। जबकि विवि के कुछ कर्मियों ने बताया कि उन लोगों ने सड़क का काम होते समय विवि में काम करा रहे संवेदक को इसकी जानकारी दी थी, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया। यही नहीं परीक्षा भवन के सामने विद्यार्थियों के बैठने के लिए सफाई कर लाखों रुपये कंक्रीट की ढलाई कराई गई, लेकिन इस तरफ भी विवि के विभिन्न शाखाओं से निकलने वाले नालों की कोई व्यवस्था नहीं की गई, इस कारण अब पानी उसी सफाई किए जगह तैयार स्थान पर गिर रहा है। जहां विद्यार्थी बैठ भी नहीं सकते, जबकि इस जगह के लिए भी कई बार संवेदक से कहा गया था कि नाले को दुरूस्त कर उसका रास्ता निकाल दे, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया। कुलसचिव डॉ. रामाशीष पूर्वे ने कहा कि जिस समय सड़क बन रही थी तब विवि इंजीनियर को देखना चाहिए था। इसी कारण दिक्कत हुई है। अभी बाहर हूं आने के बाद मामले को देखा जाएगा। फिलहाल पानी निकासी की व्यवस्था की जा रही है।