
लखीसराय: तीन घरों से लाखों के जेवर व नकद की चोरी
लखीसराय के पचेना गांव में रात को अज्ञात चोरों ने तीन घरों में चोरी की। चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात और नकद चुरा लिए। घर पर अकेली वृद्ध मां के घर से चोरी हुई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की गई है।
लखीसराय, एक प्रतिनिधि। जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पचेना गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। गांव स्थित तीन घरों में ताला तोड़कर चोरों ने लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना में करीब चार लाख रुपये के जेवरात के साथ-साथ 25,000 नगद और अन्य कीमती सामान की चोरी की गई। बताया जाता है कि चोरी की यह घटना पचेना गांव निवासी तीन भाइयों—दीपू मोदी, राहुल मोदी एवं साधु मोदी—के घरों में हुई, जो शहर में रहकर काम करते हैं। उनके घर पर उनकी वृद्ध मां अकेले रहती थीं। जानकारी के अनुसार, उनकी मां किसी काम से पुराने घर पर गई थीं, इस दौरान चोरों ने मौका पाकर देर रात बंद घर सहित कमरे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी, बक्से तथा अन्य सामानों को तोड़ते हुए कीमती गहनों एवं नगद राशि की चोरी कर ली।
सुबह जब पड़ोसियों ने घर के ताले टूटे देखे, तो इसकी सूचना परिवार एवं ग्रामीणों को दी गई। इसके बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और मामले की जानकारी नगर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घरों के कमरों और बिखरे सामानों का निरीक्षण करते हुए फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की सहायता से साक्ष्य जुटाए। परिजनों ने बताया कि चोरी गए सामानों की कुल कीमत लगभग चार से पांच लाख रुपये बताई जा रही है।स्थानीय लोगों ने रात में गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है और जल्द ही चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी का दावा कर रही है। नगर थाना अध्यक्ष सुनील कुमार साहनी ने कहा कि आवेदन के आधार पर कार्रवाई की जाएगी 112 की पुलिस वहां पहुंची है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




