किशनगंज: करीब 3900 लीटर शराब व बीयर का विनिष्टीकरण
किशनगंज जिले के ठाकुरगंज थाना परिसर में 3890.5 लीटर अवैध शराब और बीयर को नष्ट किया गया। मद्य निषेध विभाग की निगरानी में जेसीबी मशीन से यह कार्रवाई की गई। 10 अप्रैल को ठाकुरगंज पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर भारी मात्रा में अवैध बीयर बरामद की थी। पुलिस ने शराबबंदी कानून के तहत सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।

ठाकुरगंज से राजीव कुमार सिन्हा की रिपोर्ट किशनगंज। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जब्त अवैध शराब और बीयर को गुरुवार को ठाकुरगंज थाना परिसर में विधिवत प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया। मद्य निषेध विभाग की निगरानी में जेसीबी मशीन की सहायता से कुल 3890.5 लीटर शराब एवं बीयर का विनिष्टीकरण किया गया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। जानकारी के अनुसार, बीते 10 अप्रैल को ठाकुरगंज पुलिस ने ठाकुरगंज-मुरालीगच्छ मार्ग के समीप विशेष अभियान चलाकर भारी मात्रा में अवैध बीयर बरामद की थी। इस दौरान एक मिनी ट्रक को भी जब्त किया गया था। गुरुवार को उसी कार्रवाई में बरामद 3535 लीटर बीयर को थाना परिसर में नष्ट किया गया।
शराब विनिष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया मद्य निषेध इंस्पेक्टर मनीष कुमार की देखरेख में संपन्न हुई। मौके पर ठाकुरगंज थानाध्यक्ष मो. मकसूद अहमद अशरफी, सब इंस्पेक्टर अनीश कुमार समेत पुलिस विभाग के कई अधिकारी और जवान मौजूद रहे। जेसीबी मशीन से शराब और बीयर के कार्टनों को तोड़कर नष्ट किया गया। इस दौरान अन्य थाना क्षेत्रों में जब्त शराब का भी विनिष्टीकरण किया गया। कुर्लिकोट थाना में जब्त 89 लीटर देशी शराब और 1.5 लीटर विदेशी शराब सहित कुल 90.5 लीटर शराब नष्ट की गई। वहीं बहादुरगंज थाना द्वारा अलग-अलग मामलों में जब्त 265 लीटर विदेशी शराब को भी विनिष्ट किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। शराब की तस्करी, भंडारण और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि अवैध शराब कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


