नवम वर्ग में नामांकन को लेकर हंगामा, एक घंटे तक एनएच 80 जाम
इंटरस्तरीय गणपत सिंह उच्च विद्यालय में नामांकन के लिए उमड़ी भीड़ नामांकन नहीं होने से

शहर के इंटरस्तरीय गणपत सिंह उच्च विद्यालय में नवम वर्ग के नामांकन को लेकर बुधवार को छात्रों और अभिभावकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नामांकन नहीं होने से नाराज छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया। शिक्षकों द्वारा समझाने के बावजूद स्थिति बिगड़ती गई, जिसके बाद आक्रोशित छात्रों व अभिभावकों ने विद्यालय के सामने एनएच-80 को जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक सड़क जाम रहने से आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण चंद्र गुप्ता एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अमित राज मौके पर पहुंचे। पुलिस बल की मदद से उन्होंने स्थिति को नियंत्रित किया और जाम हटवाया।
स्थिति को सामान्य करने के लिए एसडीओ के निर्देश पर नामांकन के लिए रोस्टर प्रणाली लागू की गई। अधिकारियों ने बताया कि रोस्टर में शामिल विद्यालयों के छात्रों का पहले नामांकन किया जाएगा। सीटें बचने की स्थिति में अन्य विद्यालयों के छात्रों को मौका दिया जाएगा।निर्धारित रोस्टर के अनुसार उर्दू मध्य विद्यालय पठानपुरा, मध्य विद्यालय सिकड़गढ़ टोला, मध्य विद्यालय चौधरी टोला, मध्य विद्यालय गंगुली, मध्य विद्यालय कागजी टोला एवं मध्य विद्यालय महालक्ष्मी कन्या के छात्रों का नामांकन प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। नामांकन के लिए आठ एवं नौ अप्रैल की तिथि निर्धारित की गई है। इसके बाद सीट उपलब्ध रहने पर पोषक क्षेत्र के बाहर के निकटवर्ती विद्यालयों के छात्रों का नामांकन लिया जाएगा।प्रभारी प्रधानाध्यापक विमल प्रकाश मंडल ने बताया कि दूर-दराज से बड़ी संख्या में छात्र पहुंचने के कारण दबाव बढ़ गया है, इसलिए अब नामांकन रोस्टर के आधार पर ही किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


