Bhagalpur News: नागपंचमी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, 400 से अधिक पाठों की दी गई बलि
Bhagalpur News: बिहपुर के सोनवर्षा गांव में स्थित बड़ी भगवती स्थान में भव्य मेले का आयोजन सुबह

Bhagalpur News: बिहपुर, संवाद सूत्र। नागपंचमी के अवसर पर सोमवार को बिहपुर प्रखंड के सोनवर्षा गांव में स्थित बड़ी भगवती स्थान में सामूहिक पूजा-अर्चना और भव्य मेले का आयोजन हुआ। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दराज के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मां भगवती की पूजा-अर्चना कर सुखसमृद्धि और मनोकामना पूर्ण होने की कामना की। दिनभर मंदिर परिसर माता केजयकारों से गूंजता रहा। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, इस बार नागपंचमी पर दरबार में 600 फूलाएस और 35 कलश चढ़ाए गए। वहीं 75 श्रद्धालुओं का मुंडन संस्कार कराया गया। इसके अलावा अन्य यज्ञोपवीत संस्कार भी संपन्न हुए। मनोकामना पूर्ण होने पर श्रद्धालुओं ने परंपरा के अनुसार 400 से अधिक पाठों की बलि दी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र दिनभर गुलजार रहा। मंदिर के प्रधान पुजारी राधाकांत झा और सहायक पुजारी राजेश चौधरी उर्फ कारकून ने परंपरा के अनुसार विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई। पूजनोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को रंगीन बल्बों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रात में रंग-बिरंगी रोशनी से सजा मंदिर परिसर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा.
सौ वर्ष पुराना है मंदिर का इतिहास
ग्रामीणों के अनुसार, सोनवर्षा गांव में स्थित बड़ी भगवती मंदिर करीब सौ वर्ष पुराना है। मंदिर से आसपास के ग्रामीणों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। बताया जाता है कि वर्षों पहले गंगा के कटाव से पुराना गांव उजड़ गया था। इसके बाद ग्रामीण सोनवर्षा आकर बस गए। यहां आने के बाद मां भगवती की पूजा के लिए ग्रामीणों ने सबसे पहले झोपड़ीनुमा मंदिर बनाया। समय के साथ मां के प्रति लोगों की आस्था बढ़ती गई और ग्रामीणों के सहयोग से यहां भव्य पक्के मंदिर का निर्माण कराया गया। पुजारी और ग्रामीणों ने बताया कि सावन शुक्ल पक्ष में मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना और मेले का आयोजन होता है। नागपंचमी के दिन यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु मनोकामना लेकर पहुंचते हैं। मंदिर से जुड़ी स्थानीय मान्यता के अनुसार सर्पदंश से पीड़ित लोगों को भी यहां लाया जाता है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि मां के चरणों में रखा नीर पीने से सांप का विष बेअसर हो जाता है। हालांकि यह स्थानीय धार्मिक आस्था और मान्यता से जुड़ा विश्वास है.
कमेटी व ग्रामीणों ने संभाली व्यवस्था
मेले और पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर मंदिर कमेटी के अध्यक्ष संजय कुंवर, उपाध्यक्ष चंद्रकांत चौधरी, सचिव पवन चौधरी, उप सचिव राजीव कुमार, कोषाध्यक्ष गौरव कुमार, उप सचिव राजेश कुमार समेत वर्तमान व पूर्व पंचायत प्रतिनिधि और पुलिस प्रशासन सक्रिय रहे। व्यवस्था को सुचारु रखने में जीवन चौधरी, मनोज कुंवर, मंटुन कुंवर, रामचरित्र मंडल, लक्ष्मण चौधरी, अनिमेष, बिट्टू चौधरी, अनुपम, बबलू चौधरी और लव समेत कमेटी पदाधिकारियों, सदस्यों और ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

