चुनाव बाद बदली तस्वीर, प्रवासी मजदूरों की शुरू हुई घर से काम की वापसी
संक्षेप: लखीसराय स्टेशन पर मतदान समाप्त होने के बाद प्रवासी मजदूरों की भीड़ लौटने लगी है। दुर्गा पूजा और छठ पर्व मनाने के बाद लोग अपने काम पर जाने लगे हैं। पंजाब, दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र और झारखंड के लिए ट्रेनें भर गई हैं, और सीटों की.…
विधानसभा चुनाव में मतदान समाप्त होने के साथ ही अब लखीसराय स्टेशन पर एक बार फिर प्रवासी मजदूरों की भीड़ देखी जा रही है। दुर्गा पूजा और छठ पर्व पर अपने परिवार के साथ समय बिताने आए ये लोग अब अपने काम पर लौटने लगे हैं। शुक्रवार को सुबह से ही स्टेशन परिसर यात्रियों से खचाखच भरा रहा। यात्रियों ने बताया कि वे बीते कुछ दिनों से घर पर रहकर त्योहार मनाने के बाद अब पंजाब, दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र और झारखंड जैसे राज्यों में काम पर लौट रहे हैं। कई लोगों ने बताया कि वे विधानसभा चुनाव में मतदान करने के लिए भी रुके हुए थे और मतदान करने के बाद अब अपने रोजगार स्थलों के लिए रवाना हो रहे हैं।

लखीसराय स्टेशन पर स्थिति यह है कि किसी भी ट्रेन में सीट उपलब्ध नहीं है। रेलवे सूत्रों के अनुसार, अगले 10 दिनों तक अधिकांश ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची काफी लंबी है। खासकर दिल्ली, मुंबई और सूरत जाने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। सुबह से ही तत्काल टिकट काउंटर पर यात्रियों की लंबी कतारें लग जाती हैं। स्टेशन पर बुकिंग कर रहे कर्मी ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती की गई है।
यात्रियों से अपील की गई है कि वे टिकट लेकर ही यात्रा करें और अवैध रूप से ट्रेन में चढ़ने से बचें। यात्रियों का कहना है कि त्योहार और चुनाव दोनों की जिम्मेदारी पूरी करने के बाद अब फिर से रोजी-रोटी की तलाश में बाहर जाना मजबूरी है। वही स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आरपीएफ इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार ने बताया कि भीड़ को देखते हुए स्टेशन पर सुरक्षा बढ़ाई गई है और यात्रा ट्रेन पर उतरने और चढ़ने के दौरान लोगों को सुरक्षित चढ़ाया जा रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




