नकाबपोश अपराधियों ने शिक्षक के घर की डकैती
सुल्तानगंज में एक शिक्षक के नवनिर्मित घर में नकाबपोश अपराधियों ने डकैती की। उन्होंने 50 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के आभूषण लूट लिए। घटना के बाद पुलिस ने डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम से जांच शुरू की।...

सुल्तानगंज, निज संवाददाता। थाना क्षेत्र के सुल्तानगंज-शाहकुंड मुख्य मार्ग पर स्थित नवादा पंचायत के शाहाबाद में एक शिक्षक के नवनिर्मित घर में नकाबपोश अपराधियों ने अग्नेयास्त्र के बल पर घुसकर डकैती की। इस दौरान उन्होंने घर से 50 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के आभूषण लूट लिए। यह घटना गुरुवार की रात लगभग एक बजे हुई। अपराधियों ने शिक्षक रंजीत कुमार (48 वर्ष) और उनके परिवार के सदस्यों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। पीड़ित ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ सो रहे थे, तभी नकाबपोश अपराधी छत के रास्ते कमरे में घुस आए। उन्होंने गोदरेज में रखे 50 हजार रुपये, लगभग दो भर सोना, पांच भर चांदी, चार मोबाइल, एक कंप्यूटर का सीपीयू और नया जूता-चप्पल लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। पुलिस ने डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम को घटनास्थल पर बुलाकर जांच शुरू की। डॉग स्क्वायड ने चार घरों की जांच के बाद पांच संदिग्धों को पूछताछ के लिए थाने लाया, जिनमें तीन युवक और दो महिलाएं शामिल हैं। प्रभारी थानाध्यक्ष बबलू कुमार पंडित ने बताया कि पीड़ित शिक्षक के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाली जा रही है। शुक्रवार की शाम फिंगरप्रिंट ब्यूरो सीआईडी बिहार पटना के एक्सपर्ट भी घटनास्थल पर पहुंचे और आवश्यक पड़ताल की।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


