Bhagalpur News: हर साल गूंजती हजारों शहनाइयां, लेकिन विवाह निबंधन सैकड़े भी नहीं कराते
Bhagalpur News: निबंधन विभाग में वही आते रजिस्ट्रेशन कराने, जिन्हें प्रमाणपत्र की दरकार भागलपुर में कानूनी सुरक्षा

Bhagalpur News: भागलपुर, मुख्य संवाददाता। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण इलाकों तक हर साल हजारों की संख्या में शादियां धूमधाम से संपन्न होती हैं लेकिन विवाह पंजीकरण (मैरिज रजिस्ट्रेशन) सैकड़े की भी नहीं हो रही है। निबंधन विभाग का आंकड़ा पिछले पांच साल में दहाई (100 से नीचे) आंकड़ा भी नहीं लांघ पाया। कानूनी सुरक्षा को लेकर नवदंपति पूरी तरह बेफिक्र नजर आ रहे हैं। जबकि इस गंभीर विषय पर स्थानीय प्रशासन और समाज ने भी पूरी तरह मौन साध रखा है। जिस व्यक्ति ने मैरिज रजिस्ट्रेशन कराया है, वह मजबूरीवश हुआ है। जिन्होंने लव मैरिज किया अथवा जिन्हें पत्नी को विदेश ले जाने के लिए पासपोर्ट आदि बनवाना है, वे मैरिज रजिस्ट्रेशन कराने आते हैं। ग्रामीण क्षेत्र से नहीं के बराबर लोगों ने आवेदन किया है। इसकी वजह जागरूकता की कमी भी है।
कानूनी पंजीकरण का महत्व
पटना हाईकोर्ट के अधिवक्ता शिवशंकर चौबे बताते हैं, विवाह का कानूनी पंजीकरण भविष्य में किसी भी अप्रिय स्थिति या कानूनी विवाद के समय दोनों पक्षों, विशेषकर महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए कितना बड़ा सुरक्षा कवच है। घरेलू विवाद, संपत्ति पर अधिकार, उत्तराधिकार के मामले या फिर किसी अन्य कानूनी अड़चन के समय कोर्ट-कचहरी में मैरिज सर्टिफिकेट ही सबसे पुख्ता और पहला सरकारी प्रमाण माना जाता है। इस मामले में केवल आम जनता ही नहीं, बल्कि प्रशासनिक तंत्र की सुस्ती भी जिम्मेदार है।
प्रशासन की जिम्मेदारी
चौबे बताते हैं, प्रशासन की ओर से विवाह पंजीकरण को अनिवार्य बनाने या इसके फायदों को लेकर न तो कोई व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाता है और ना ही सामाजिक स्तर पर इसकी महत्ता को बढ़ावा दिया जा रहा है। यदि यही स्थिति रही, तो आने वाले समय में वैवाहिक विवादों और कानूनी उलझनों का सामना करने वाले परिवारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। उनका कहना है कि जब तक विवाह पंजीकरण को हर शादी के लिए कानूनी रूप से अनिवार्य और बेहद सुलभ नहीं बनाया जाएगा, तब तक इस आंकड़े में सुधार होना नामुमकिन है।
मैरिज सर्टिफिकेट कैसे बनाएं
जानिए कैसे बना सकते हैं मैरिज सर्टिफिकेट। ई-निबंधन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करें। इसके बाद मैरिज टैब के अंतर्गत रजिस्ट्रेशन ऑफ मैरिज विकल्प पर क्लिक करें। फॉर्म में पति और पत्नी की सभी व्यक्तिगत जानकारी, शादी की तारीख और स्थान को बिल्कुल सही-सही भरें। दस्तावेज और तस्वीरें पोर्टल पर अपलोड करें। नजदीकी निबंधन कार्यालय का चयन करें और अपनी सुविधा के अनुसार अपॉइंटमेंट की तारीख और समय स्लॉट बुक करें। आवेदन के पहले चरण में ₹100 की रजिस्ट्रेशन फीस ऑनलाइन माध्यम से जमा करें।
सभी को पंजीकरण कराना चाहिए
कोट ... सभी विवाहित लोगों को विवाह निबंधन कराना चाहिए। यह एक कानूनी दस्तावेज की तरह होता है। भागलपुर में काफी कम लोग निबंधित हैं।
- प्रियदर्शन, जिला अवर निबंधक।


