कटिहार: अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन
कटिहार पुलिस ने अवैध हथियारों और अपराध पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया। पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया और तीन देसी हथियार बरामद किए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में अभियान जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी।

कटिहार, एक संवाददाता जिले में अपराध और अवैध हथियारों पर लगाम कसने के उद्देश्य से कटिहार पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष समकालीन अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक अभियुक्त को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार करते हुए तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों से तीन देसी हथियार बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने बताया कि बीती रात्रि जिले भर में विशेष अभियान चलाया गया। इसी क्रम में सहायक थाना पुलिस ने ओटीपी पारा हनुमान मंदिर के समीप छापेमारी कर एक युवक को अवैध देसी पिस्टल के साथ धर दबोचा।
गिरफ्तार युवक की पहचान ललियाही निवासी विपुल राय के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से हथियार बरामद कर अभियुक्त को हिरासत में ले लिया। इधर, फलका थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मधेली के पास छापेमारी कर एक देसी कट्टा बरामद किया। वहीं बरारी थाना पुलिस ने छोटी भैंस दियारा क्षेत्र में विशेष सर्च अभियान के दौरान एक अन्य देसी कट्टा बरामद कर बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार बरामद हथियारों का उपयोग आपराधिक घटनाओं में किए जाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। सभी मामलों में संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा गिरफ्तार अभियुक्त से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती के साथ जारी रहेगा। अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



