कटिहार: 25 हजार वोल्ट तार पर गिरी डाल, प्लेटफार्म पर लगी आग, मची अफरा-तफरी

Newswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share

कटिहार के कुमेदपुर–बारसोई रेलखंड के आजमनगर रोड रेलवे स्टेशन पर तेज आंधी और बारिश के बीच एक पेड़ की डाली गिर गई, जिससे 25 हजार वोल्ट की ओवरहेड तार पर आग लग गई। स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन रेलवे कर्मियों ने यात्रियों को सुरक्षित किया। स्थिति नियंत्रण में है और कोई हताहत नहीं हुआ।

कटिहार: 25 हजार वोल्ट तार पर गिरी डाल, प्लेटफार्म पर लगी आग, मची अफरा-तफरी

कटिहार से चन्दन कुमार की रिपोर्ट कुमेदपुर–बारसोई रेलखंड के आजमनगर रोड रेलवे स्टेशन पर सोमवार देर रात तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के बीच बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्लेटफार्म नंबर एक के समीप 25 हजार वोल्ट की ओवरहेड विद्युत तार पर अचानक एक पेड़ की डाली गिर गई, जिससे तेज चिंगारी उठी और कुछ ही देर में आग लग गई। घटना से स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और यात्री इधर-उधर भागने लगे। घटना के समय कटिहार से राधिकापुर जा रही ट्रेन संख्या 55708 राधिकापुर पैसेंजर प्लेटफार्म पर ही खड़ी थी। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए ट्रेन को करीब एक घंटे तक रोक दिया गया।

रेलवे कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद कर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद पेड़ की डाली को हटाया गया और क्षतिग्रस्त तार की मरम्मत की प्रक्रिया शुरू की गई। प्रत्यक्षदर्शी यात्रियों के अनुसार, तेज हवा के कारण पेड़ की डाल टूटकर तार पर गिर गई थी। यदि समय रहते बिजली आपूर्ति बंद नहीं की जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। कटिहार रेल मंडल के सीनियर डीसीएम अनूप कुमार सिंह ने बताया कि घटना के तुरंत बाद इंजीनियरिंग टीम ने स्थिति को नियंत्रण में कर लिया। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद ट्रेन परिचालन को सामान्य कर दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस घटना में किसी प्रकार की हताहत की सूचना नहीं है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में रेलवे कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।