
मधेपुरा: दिशा की बैठक में जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया
मधेपुरा में जिला समन्वय एवं अनुश्रवण समिति की बैठक हुई, जिसमें सांसद दिनेश चंद्र यादव की अध्यक्षता में शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न समस्याएँ उठाईं, जैसे सड़कों पर सीसीटीवी कैमरा लगाना, विद्यालयों में शौचालय और पेयजल की व्यवस्था। पदाधिकारियों ने समाधान का आश्वासन दिया।
मधेपुरा। जिला मुख्यालय स्थित झल्लू बाबू सभागार में जिला समन्वय एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में शिक्षा, स्वस्थ समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद दिनेश चंद्र यादव ने की। बैठक में उपाध्यक्ष दिशा-सह-सांसद, लोकसभा क्षेत्र सुपौल दिलेश्वर कामत, विधायक सिंहेश्वर रमेश ऋषिदेव, विधायक बिहारीगंज निरंजन कुमार मेहता, विधान पार्षद अजय कुमार सिंह, सभी नगर पंचायतों के मुख्य पार्षद, विभिन्न प्रखंडों के प्रमुख, दिषा के सदस्यगण एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। जिला प्रशासन की ओर से जिला पदाधिकारी-सह-सदस्य सचिव दिशा श्री अभिषेक रंजन, उप विकास आयुक्त श्री अनिल बसाक सहित जिला के वरीय पदाधिकारीगण मौजूद थे। बैठक में सर्वप्रथम जिला पदाधिकारी द्वारा माननीय दिशा के अध्यक्ष महोदय को पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।
तत्पश्चात उपाध्यक्ष एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को भी पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। बैठक का संचालन उप विकास आयुक्त, मधेपुरा द्वारा किया गया। बैठक में पूर्ववर्ती दिशा बैठक की कार्यवाही के अनुपालन की बिन्दुवार समीक्षा की गई। माननीय उपाध्यक्ष दिशा ने नववर्ष एवं नयी सरकार के गठन के पश्चात आयोजित पहली बैठक बताते हुए सभी सदस्यों का स्वागत किया तथा जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएँ लिखित एवं मौखिक रूप से रखने का अनुरोध किया। बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा सड़कों पर सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरा लगाने, विद्यालयों में शौचालय एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने, उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित करने एवं कालाबाजारी पर रोक, पुल-पुलिया निर्माण, पंचायतों में शवदाहगृह निर्माण सहित विभिन्न जनसमस्याएँ उठाई गईं। संबंधित पदाधिकारियों द्वारा समस्याओं पर संतोषजनक उत्तर देते हुए समयबद्ध समाधान का आश्वासन दिया गया। दिशा अध्यक्ष-सह-सांसद श्री दिनेश चन्द्र यादव ने कहा कि दिशा की बैठकों में उठाए गए प्रत्येक बिन्दु का गंभीरतापूर्वक अनुश्रवण किया जा रहा है। उन्होंने अपील की कि सभी सदस्य बिना किसी दुराग्रह के जनहित से जुड़े मुद्दों को दिषा के माध्यम से उठाएँ, ताकि उनका प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




