
लखीसराय : सड़क अधूरा छोड़ नाला निर्माण,आवागमन हो रहा बाधित
लखीसराय के कबैया थाना क्षेत्र में गौशाला गली में स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण में कथित गलत तरीके को लेकर विरोध जताया है। आरोप है कि नाले का निर्माण सड़क के साथ उचित तरीके से नहीं किया गया, जिससे आवागमन बाधित हो गया है। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
लखीसराय। एक प्रतिनिधि कबैया थाना क्षेत्र अंतर्गत गौशाला गली में नगर परिषद के संवेदक द्वारा सड़क निर्माण के नाम पर अपनाए गए कथित गलत तरीके को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। आरोप है कि सड़क की ढलाई के बाद करीब तीन फीट मिट्टी का रास्ता छोड़कर नाला का निर्माण करा दिया गया, जबकि सामान्यतः सड़क और नाला एक साथ व समुचित ढंग से बनाए जाते हैं। इसी अधूरी और अव्यवस्थित सड़क पर कुछ लोगों द्वारा गाय का बथान बना देने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। इस संबंध में गौशाला गली के निवासियों ने कबैया थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
आवेदनकर्ताओं में सुनील पाल, विनोद पाल, प्रवीण पाल, अजय पाल, राजेश पाल, शंकर पाल, अरविंद पाल, बबलू पाल एवं प्रमोद पाल सहित अन्य ग्रामीण शामिल हैं। ग्रामीणों ने बताया कि वे सभी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं और कानून में पूर्ण विश्वास रखते हैं। शिकायत के अनुसार स्थानीय लोगों द्वारा सार्वजनिक सड़क पर गाय का बथान बना दिया गया है, जिससे गली का रास्ता पूरी तरह जाम हो गया है। इससे महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। आपात स्थिति में एंबुलेंस या अन्य आवश्यक सेवाओं का पहुंचना भी मुश्किल हो सकता है।ग्रामीणों का आरोप है कि जब बथान हटाने की बात कही जाती है तो संबंधित लोग गाली-गलौज करते हैं और मारपीट पर उतारू हो जाते हैं, जिससे मोहल्ले में तनाव का माहौल है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक सड़क पर इस तरह का अतिक्रमण कानूनन अपराध है और इससे शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका बनी रहती है। आवेदन पर प्रवीण कुमार पाल, प्रमोद पाल, राजेश पाल, सुनील पाल, संजय कुमार, प्रमिला देवी, शशा देवी, अनीता देवी, हेमा देवी सहित कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि पुलिस प्रशासन शीघ्र कार्रवाई कर सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराएगा और आमजन को राहत मिलेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




