लीकेज पर लगाम नहीं, सूखे मौसम में भी पानी-पानी हो रही सड़कें
आवागमन में लोगों को दिक्कतें, सही ढंग से पाइप नहीं बिछी लीकेज ठीक करने

भागलपुर, प्रधान संवाददाता। शहरी क्षेत्र में अभी नई जलापूर्ति व्यवस्था चालू भी नहीं हुई है, लेकिन जहां भी टेस्टिंग या वैकल्पिक व्यवस्था से पानी की आपूर्ति की जा रही है वहां लीकेज बड़ी समस्या बन गई है। कुछ पाइपलाइन जो नगर निगम के हवाले है वहां भी लीकेज हो रहा है तो कुछ जो बुडको के अधीन है वहां भी ऐसी समस्या है। नतीजा यह है कि सूखे मौसम में भी लोगों को लीकेज के कारण कीचड़ और जलजमाव के बीच आना जाना पड़ रहा है। पिछले दो दिनों से रिकाबगंज रोड (वार्ड नंबर 14) में लीकेज की समस्या है। स्कूली-कॉलेज की छात्राएं भी इसकी वजह से परेशानी में हैं।
रिकाबगंज रोड में बुधवार दोपहर में अचानक नीचे से पानी निकलने लगा और आधे घंटे के अंदर पूरी सड़क पर भर गया। इसके बाद उस पाइपलाइन का पानी देर शाम बंद किया गया। इसकी वजह से आसपास के लोगों को पानी की दिक्कत भी हो रही है। स्थानीय पार्षद अनिल कुमार पासवान ने इसकी जानकारी बुडको के इंजीनियर को दी, वीडियो और फोटो भी भेजा। लेकिन गुरुवार शाम 6 बजे तक भी इसको दुरुस्त नहीं किया गया। दूसरी ओर गुरुवार को हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में नगर निगम की टीम के द्वारा लीकेज को दुरुस्त कराने का काम कराया गया है। नगर निगम के जलकल शाखा के प्रभारी वशिष्ठ नारायण चौधरी ने बताया कि हाउसिंग बोर्ड का काम पूरा हो गया है। खंजरपुर इलाके में भी पहले ही काम करा दिया गया है। अब वहां सड़क ढलाई का काम है तो संबंधित विभाग को करना है। इधर बुडको के इंजीनियर पंकज कुमार ने बताया कि बुधवार को स्थानीय पार्षद से रिकाबगंज रोड में लीकेज की जानकारी मिली है। लेकिन आज दक्षिणी क्षेत्र में कुछ समस्या थी, इसलिए पूरी टीम वहीं थी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की सुबह रिकाबगंज रोड में जाकर स्थिति को देखा जाएगा। इधर पार्षद अनिल ने बताया कि रिकाबगंज में एक ठीक उसी जगह पर एक सप्ताह पर भी इसी तरह से लीकेज हुआ था। उसकी सूचना दी गई थी, काम कराया भी गया। लेकिन फिर वहीं लीकेज हो गया है। इसकी वजह से लोग परेशान हैं। उन्होंने बताया कि शहर के हर वार्ड में पाइपलाइन तो बिछा दी गई है लेकिन बुडको और नगर निगम के पास मेंटेनेंस करने वाले कर्मियों की संख्या कम है, इसलिए सही ढंग से कहीं काम नहीं हो पा रहा है। आगामी बैठक में वह इस मुद्दे को उठाएंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


