Hindi NewsBihar NewsBhagalpur NewsLand Reform Public Welfare Dialogue Program in Bhagalpur Administrative Preparations Underway
टाउन हॉल में बने 16 काउंटर, निबंधन 9 बजे से शुरू होगा

टाउन हॉल में बने 16 काउंटर, निबंधन 9 बजे से शुरू होगा

संक्षेप:

जनकल्याण संवाद कार्यक्रम आवेदन में नाम व पता और मोबाइल नंबर डालना अनिवार्य आवेदन

Jan 04, 2026 12:52 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share Share
Follow Us on

भागलपुर, मुख्य संवाददाता। टाउन हॉल में सोमवार को होने वाले भूमि सुधार जनकल्याण संवाद कार्यक्रम की प्रशासनिक तैयारी शुरू हो गई है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के निर्देशानुसार यहां सभी 16 अंचलों के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए जा रहे हैं। ताकि पीड़ित लोग अपनी शिकायत संबंधित अंचल के काउंटरों पर ही करें। इससे विभाग के पदाधिकारियों को स्क्रूटनी करने में आसानी होगी। आवेदनकर्ताओं का रजिस्ट्रेशन सुबह 9 बजे से 10.30 बजे तक यहां अंचलवार लगाए गए काउंटर पर किया जाएगा। विभाग की ओर से आवेदन के साथ अंचल का नाम, अपना नाम, स्पष्ट पता और मोबाइल नंबर जरूर डालने की अपील की गई है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इससे आमलोगों को उनके आवेदन पर होने वाली कार्रवाई की जानकारी मैसेज से मिलती रहेगी। विभाग ने आवेदकों से अनुरोध किया है कि जिस समस्या के लिए वे जनकल्याण संवाद में आ रहे हैं, पूर्व में अगर उसके लिये अधिकारियों के समक्ष कोई आवेदन दिया है, तो उसे भी अवश्य संलग्न करें। महत्वपूर्ण यह है कि यहां मिले सभी आवेदनों को पोर्टल पर अपलोड कर सभी पर उचित कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम का आयोजन दो पालियों में होगा। पहली पाली में सुबह 11 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक आमजनों की समस्या सुनी जाएगी। इस दौरान विभाग से संबंधित ऑनलाइन सेवाओं, समस्याओं और उनके समाधान पर आमलोगों की शिकायतें सुनी जाएंगी। आमलोगों की शिकायत के कुछ आवेदनों का अंचल वार चयन कर मौके पर अंचलाधिकारी और राजस्व कर्मचारी को आवेदनकर्ता के सामने बिठाकर समस्या पर चर्चा होगी। इस सत्र में राजस्व विभाग से संबंधित सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, अंचल अधिकारी, राजस्व अधिकारी एवं संबंधित राजस्व कर्मचारी भी उपस्थित रहेंगे। दूसरी पाली दोपहर 3.30 बजे से पांच बजे तक चलेगी। इसमें राजस्व विभाग के सभी पदाधिकारियों एवं राजस्वकर्मियों के साथ समीक्षा बैठक होगी। बैठक में प्रमंडलीय आयुक्त, समाहर्ता, अपर समाहर्ता, सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, बन्दोबस्त पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी एवं राजस्व कर्मचारी शामिल होंगे। समीक्षा बैठक के दौरान सभी अंचल अधिकारी, सभी अमीन, सभी राजस्व कर्मचारी की उपस्थिति अनिवार्य है। इसके लिये केवल चिकित्सा अवकाश एवं उपार्जित अवकाश को छोड़कर पूर्व में स्वीकृत सभी अवकाश निरस्त माने जाएंगे। बैठक में दाखिल–खारिज, परिमार्जन प्लस, ई-मापी समेत सभी ऑनलाइन सेवाओं की स्थिति की आंकड़े के साथ समीक्षा की जाएगी। इस दौरान अभियान बसेरा-2 की स्थिति की भी विशेष रूप से समीक्षा होगी। एडीएम (राजस्व) दिनेश राम ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव सीके अनिल, सचिव गोपाल मीणा, विशेष सचिव अरुण कुमार सिंह, अपर सचिव राजीव वत्सराज, उप निदेशक मोना झा, सहायक निदेशक सुधांशु शेखर, सुमित कुमार आनंद, विशेष कार्य पदाधिकारी अनुपम प्रकाश, सहायक निदेशक सह जनसंपर्क पदाधिकारी जूही कुमारी, आईटी मैनेजर आनंद शंकर समेत राजस्व मुख्यालय के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।